--रांची रेल मंडल ने ओलंपियन निक्की प्रधान और सलीमा टेटे को किया सम्मानित

मंडल रेल प्रबंधक सह अध्यक्ष दक्षिण पूर्व रेलवे खेल संघ रांची प्रदीप गुप्ता ने रांची रेल मंडल की दो महिला खिलाड़ी निक्की प्रधान और सलीमा टेटे के टोक्यो ओलंपिक से लौटने के बाद गुरुवार को हटिया स्थित एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में भव्य समारोह आयोजित कर सम्मानित किया। इस मौके पर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि दोनों खिलाड़ी भारतीय महिला हॉकी टीम के प्रमुख सदस्य के रूप में टोक्यो में खेलीं तथा अपने मेहनत एवं प्रदर्शन से करोड़ों लोगों का दिल जीत लिया। उन्होंने कहा कि रेल प्रशासन ने खिलाडि़यों का हमेशा उत्साह बढ़ाया है और खिलाडि़यों के खेल में और निखार लाने के लिए हरसंभव मदद के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि दोनों महिला खिलाड़ी जूनियर लेवल से ही भारत का प्रतिनिधित्व कर रही हैं और अपने प्रदर्शन से लोगों को आनंदित एवं गौरवान्वित होने का अवसर दिया है।

दोनों प्लेयर्स हैं रेलवे में

निक्की प्रधान, 13 मार्च 2012 से रांची रेल मंडल के परिचालन विभाग में कार्यरत हैं। इन्होंने अंडर-17 एशिया कप 2011, अंडर 21 एशिया कप 2012, रियो ओलंपिक 2016, एशिया कप 2017, एशियन गेम 2018 एवं टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। वहीं सलीमा टेटे, 6 नवंबर 2019 को रेलवे में योगदान देकर रांची रेल मंडल के वाणिज्य विभाग में टिकट निरीक्षक के रूप में कार्यरत हैं। इन्होंने सातवीं हॉकी इंडिया जूनियर नेशनल वीमेन हॉकी चैंपियनशिप 2017, आठवीं हॉकी इंडिया जूनियर नेशनल वीमेन हॉकी चैंपियनशिप 2018, यूथ ओलंपिक 2019, अंडर 23 छठा राष्ट्रीय आमंत्रण टूर्नामेंट 2018 एवं टोक्यो ओलंपिक 2020 में शामिल रही हैं।

खिलाडि़यों की प्रशंसा

अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) एमएम पंडित, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) सतीश कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह मंडल क्त्रीड़ा अधिकारी अवनीश ने भी दोनों खिलाडि़यों की प्रशंसा की और उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सुमराय टेटे, पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान असुंता लकड़ा ने भी दोनों प्लेयर्स की प्रशंसा की। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जीसी हेंब्रम, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) अमित कंचन, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी माणिक शंकर, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबन्धक आदित्य कुमार चौधरी, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (सामान्य) कुलदीप कुमार, मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह संयुक्त क्त्रीडा अधिकारी डॉ देवराज बनर्जी एवं अन्य अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे।

--