रांची(ब्यूरो)। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि आज जिस प्रकार से यह स्टेडियम सजा है, जिस तरह से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ी और प्रशिक्षक मौजूद हैं, जिस उद्देश्य के लिए यह परिसर और स्टेडियम बना है, आज का यह समारोह इस परिसर और स्टेडियम की वास्तविक शोभा बढ़ा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरी परिकल्पना है कि इस तरह का आयोजन यहां लगातार होता रहे, ताकि इसका संदेश सिर्फ झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में गूंजे। हमारी सरकार इसी परिकल्पना के साथ आगे बढ़ रही है कि आने वाले दिनों में देश का कोई भी खेल बिना झारखंड के खिलाडिय़ों के पूरा न हो। हर खेल में हमारे झारखंड के युवा खिलाड़ी अपने हुनर का प्रदर्शन कर पूरी दुनिया में देश और राज्य का नाम रोशन करें। ये बातें मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने हरिवंश राय टाना भगत इनडोर स्टेडियम, मेगा स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स, खेलगांव, रांची में आयोजित खिलाडिय़ों एवं प्रशिक्षकों को सम्मान राशि वितरण समारोह को संबोधित करते हुए कहीं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पुरस्कार पाने वाले सभी खिलाडिय़ों और प्रशिक्षकों को बधाई एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कम से कम 50 हजार सम्मान राशि

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड के खिलाडिय़ों को सिर्फ मेडल जीतने के लिए तैयार नहीं करेंगे, बल्कि झारखंड में खेल का एक वट वृक्ष तैयार करने के उद्देश्य से कार्य करेंगे। आने वाले समय में इस राज्य में खिलाडिय़ों की नर्सरी वास्तविक रूप से सार्थक करने का प्रयास किया जाएगा। हमारी सरकार इस कार्य की ओर अग्रसर भी है। इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए खेल विभाग ने पंचायत, प्रखंड, जिला, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी कोशिश शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 40 खिलाडिय़ों को सरकार ने सीधी नियुक्ति दी है, बात यहीं खत्म नहीं होगी। खिलाडिय़ों की आगे भी नियुक्तियां होती रहेंगी। झारखंड के खिलाडिय़ों ने जो हुनर दिखाया उसका लोहा मानना होगा। उन्होंने अपनी ताकत के बल पर अपना स्थान बनाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व में बहुत ही कम राशि खिलाडिय़ों को बतौर सम्मान राशि वितरित की जाती थी, जो न्याय संगत नहीं थी। कोई भी नकद पुरस्कार 50 हजार से कम न हो, यह हमारी सरकार ने तय किया है। अब कोई भी पुरस्कार 50 हजार से कम का नहीं है और इसकी अधिकतम सीमा पांच करोड़ रुपए तक सरकार ने की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो शारीरिक रूप से ठीक नहीं है और खेल के प्रति जिनका रुझान है उनके लिए भी खेल प्रतिस्पर्धा हेतु अलग व्यवस्था बनाएंगे।

हॉकी चैंपियंस की मेजबानी

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण देने के लिए देश के अंदर बेहतर कोचिंग दिलाने का कार्य राज्य सरकार करेगी। देश में पहली बार हॉकी इण्डिया एवं राज्य सरकार द्वारा झारखंड विमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2023 का आयोजन 27 अक्टूबर से 05 नवम्बर 2023 के बीच किया जा रहा है। इसमें एशिया के 06 देशों की टीमें भाग लेंगी। झारखंड की बेटियां भी इस टूर्नामेंट में खेलेंगी। यह पहला मौका है जब इतने बड़ी प्रतियोगिता का आयोजन झारखंड में किया जा रहा है

जोहर पोर्टल से हेल्प

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि खेल विभाग ने जोहार खिलाड़ी पोर्टल की शुरुआत भी की है, यह पोर्टल देश का पहला ऐसा पोर्टल है, जहां खेल और खिलाडिय़ों का डेटा एकत्रित कर उन्हें हर सम्भव मदद की जाएगी। इस पोर्टल में खिलाड़ी और प्रशिक्षकों का पूर्ण विवरण होगा।