रांची (ब्यूरो) : सिटी के विभिन्न मस्जिदों, मकतबों, मदरसों और ईदगाहों में नमाज की तैयारी पूरी कर ली गई है। बकरीद की नमाज सबसे पहले डोरंडा के न्यू पारसटोली स्थित अलफलाह मस्जिद में सुबह 5.30 बजे पढ़ी जाएगी। इसके बाद अधिकतर मस्जिदों में सुबह 6 बजे नमाज हो जाएगी। हरमू रोड स्थित मुख्य ईदगाह में सुबह 9 बजे, डोरंडा, पारसटोली तथा बरियातू ईदगाह में 8 बजे, कांके ईदगाह में 7.30 बजे नमाज होगी। अंतिम नमाज 9 बजे रांची ईदगाह में होगी, जिसके बाद मूवमेंट 10 बजे तक क्लियर हो जाएगा।

कंट्रोल रूम से निगरानी

बकरीद को लेकर सिटी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। हाल के दिनों में हुए सांप्रदायिक तनाव को देखते हुए पुलिस-प्रशासन अलर्ट है। खासकर संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है। विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में दंडाधिकारियों के नेतृत्व में सशस्त्र बलों की तैनाती की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल के अलावा पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं, जिसकी निगरानी कंट्रोल रूम से की जा रही है। ड्रोन से भी संबंधित क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है। खुफिया तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है।

शहर में फ्लैग मार्च

बकरीद और घुरती रथ यात्रा को लेकर शनिवार को रांची पुलिस ने विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च किया। दो दिन पहले ही पुलिस मुख्यालय में एडीजी अभियान संजय आनंदराव लाठकर के नेतृत्व में सीनियर पुलिस अफसरों की टीम ने सभी जिलों के एसपी, रेंज डीआइजी के साथ वीडियो कांफ्रेंङ्क्षसग कर सभी जिलों को अलर्ट कर दिया था।

धार्मिक स्थलों के पास कड़ी सुरक्षा

सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों खासकर मंदिरों-मस्जिदों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वहां प्रतिनियुक्त जवानों व पदाधिकारियों को सख्त निर्देश है कि वे किसी भी परिस्थिति में किसी की भी धार्मिक भावना को ठेस नहीं पहुंचाने दें। शरारती तत्व धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं। मंदिरों के आसपास कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं फेंककर माहौल को खराब करने की कोशिश कर सकते हैं, इसपर नजर रखने के लिए सुरक्षा बलों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए गए हैं।

ईदगाह के पास सफाई अभियान

शहर में बकरीद को देखते हुए सभी ईदगाह के पास साफ-सफाई का अभियान चलाया गया। नगर निगम के अधिकारी मौके पर गए और निरीक्षण करने के बाद संबंधित सुपरवाइजर को यह निर्देश दिया कि निगम क्षेत्र के सभी मस्जिदों, ईदगाह और आसपास के क्षेत्रों के साथ साथ सभी इलाकों में सफाई अभियान चलाएं। इसके अलावा पथों पर स्वीङ्क्षपग, कचरे का उठाव, झाडिय़ों की कटाई, नालियों की सफाई, ब्लीङ्क्षचग एवं एंटी लार्वा स्प्रे का छिडक़ाव करने का भी निर्देश दिया गया।

इस नंबर पर करें शिकायत

रांची पुलिस ने सोशल मीडिया पर किसी भी तरह के भडक़ाऊ मैसेज पोस्ट करने वालों के खिलाफ शिकायत करने के लिए नंबर जारी किया है। लोगों से अपील की गई है कि मोबाइल नंबर - 8987790674 पर वाट्सअप या कॉल कर भडक़ाऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ शिकायत करें।