RANCHI: नगड़ी थाना क्षेत्र के नचियातू स्थित राशन दुकान के संचालक नारायण सिंह की हत्या के छह दिन बाद भी अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने से शुक्रवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों महिला-पुरुष ने नगड़ी थाने को घेर लिया। पुलिस पर अपराधियों की गिरफ्तारी में कोताही बरतने का आरोप लगाया। इधर, नगड़ी थानेदार अजय कुमार सिंह का कहना है कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जल्द ही अपराधी पुलिस गिरफ्त में होंगे।

शनिवार को मारी गई थी गोली

गौरतलब हो कि दो दिसंबर शनिवार की शाम करीब 7.30 बजे अज्ञात अपराधियों ने गोली मारी थी। पुलिस ने उसे रिम्स में एडमिट कराया, जहां डॉक्टरों ने नारायण सिंह को मृत घोषित कर दिया। नारायण सिंह नचियातू के रहनेवाले थे। वह घटना के वक्त दुकान में खड़े थे। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि हत्या को अंजाम दो अपराधियों ने दी है। एक अपराधी के हाथ में पिस्टल था, जिसने टारगेट कर नारायण सिंह के सिर पर फायरिंग की। गोली उनके सिर में भी लगी थी। आसपास के लोगों के अनुसार, घटना को अंजाम देनेवाले पैदल ही आये थे।