-झारखंड विधानसभा में 80 विधायक देंगे वोट
-आज ही शाम पांच बजे तक हो जाएगी मतगणना
रांची : झारखंड से राज्यसभा की दो सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान होगा। झारखंड विधानसभा में कुल 80 विधायक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सुबह नौ से शाम चार बजे तक मतदान होगा। इसी दिन शाम पांच बजे तक मतगणना होगी और परिणाम भी आ जाएगा।
राज्यसभा के लिए खाली हो रही दो सीटों के लिए भाजपा से समीर उरांव तथा प्रदीप सोनथालिया ने नामांकन दाखिल किया है। भाजपा को आजसू का भी समर्थन प्राप्त है। वहीं, विपक्षी पार्टियों ने कांग्रेस के धीरज साहू को साझा प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतारा है। सत्ता पक्ष तथा विपक्ष ने गुरुवार को विधायक दल की बैठक कर अपनी-अपनी रणनीति को अंतिम रूप दिया। दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी जीत के दावे पेश किए हैं। इधर, निर्वाचन आयोग ने चुनाव की तैयारी पूरी कर ली है। बता दें कि झामुमो के संजीव कुमार तथा कांग्रेस के प्रदीप बलमुचू की सीटें 3 मई को रिक्त हो रही हैं। इन्हीं सीटों पर चुनाव होना है।
----
झारखंड विधानसभा में दलगत स्थिति
भाजपा : 43
झामुमो : 18
कांग्रेस : 7
आजसू : 4
झाविमो : 2
मासस : 1
माले : 1
बसपा : 1
नौजवान संघर्ष मोर्चा : 1
जय भारत समानता पार्टी : 1
झापा : 1
----