रांची(ब्यूरो)। उपायुक्त रांची छवि रंजन की अध्यक्षता में आज दिनांक 24 मार्च 2022 को राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। वर्चुअल माध्यम से अयोजित बैठक में अपर समाहत्र्ता रांची, अनुमण्डल पदाधिकारी रांची, अनुमण्डल पदाधिकारी बुण्डू, उप समाहत्र्ता भूमि सुधार रांची, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रांची, उप समाहत्र्ता प्रभारी राजस्व एवं सभी अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में उपायुक्त छवि रंजन ने अंचलवार सक्सेसन/ म्युटेशन कैम्प, लंबित दाखिल-खारिज की अद्यतन स्थिति, अवैध जमाबंदी, भारत सरकार एवं झारखंड सरकार के विभिन्न एजेंसियों को भूमि हस्तांतरण, प्रमाण पत्रों से संबंधित लंबित मामलों, भूमि सीमांकन, टाना भक्तों से जुड़े मामले आदि की विस्तार से समीक्षा की।

कैम्प में आये मामलों की समीक्षा

बैठक में उपायुक्त छवि रंजन ने सबसे पहले सभी अंचलों में लगाए गए सक्सेशन/ म्यूटेशन कैंप के कार्य प्रगति की समीक्षा की। 01 मार्च से 23 मार्च तक कैम्प में आये मामलों के निष्पादन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा सक्सेशन/ म्यूटेशन के मामलों का निष्पादन करें। जिन अंचलों में सक्सेशन/ म्यूटेशन के कम मामलों का निष्पादन किया गया है उन्हें 31 मार्च तक सुधार लाने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वत: संज्ञान लेते हुए सक्सेशन/ म्युटेशन कराने वालों को सुविधा उपलब्ध कराएं।

मामलों का जल्द करें निष्पादन

बैठक के दौरान उपायुक्त छवि रंजन ने 30 और 90 दिन से ज्यादा लंबित म्यूटेशन के मामलों की अंचलवार समीक्षा की। उन्होंने बिना किसी ऑब्जेक्शन के तीस दिन से ज्यादा लंबित म्यूटेशन के मामलों का जल्द से जल्द निष्पादन करने का निदेश दिया। सीमांकन के मामलों की अंचलवार समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने लंबित मामलों का यथाशीघ्र निष्पादन करने का निदेश दिया। उन्होंने रिजेक्शन की जांच के लिए बनाए गए वरीय पदाधिकारियों से जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निदेश दिया। भारत सरकार एवं झारखंड सरकार के विभिन्न एजेंसियों को भूमि हस्तांतरण, अन्तर्विभागीय भू-हस्तांतरण की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निदेश दिये। उन्होंने जिला भू अर्जन पदाधिकारी के द्वारा संबंधित परियोजना के भू अर्जन को लेकर सीओ को दिए गए एलपीसी का सर्टिफिकेट जल्द से जल्द देने का निर्देश दिया। जिला भू अर्जन पदाधिकारी को उन्होंने अंचलवार और परियोजनावार रिपोर्ट बनाने का निर्देश दिया। बैठक में उपायुक्त रांची श्री छवि रंजन ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) एवं राज्यस्तरीय परियोजनाओं से संबंधित भू-अर्जन की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। भू-अर्जन हेतु मुआवजा भुगतान की स्थिति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निदेश दिये। बैठक के दौरान प्रमाण पत्रों से संबंधित लंबित मामलों और टाना भक्तों से जुड़े मामलों की भी समीक्षा उपायुक्त द्वारा की गयी। उन्होंने टाना भगतों से संबंधित मामलों का जल्द निष्पादन करने को कहा। मानकी, मुण्डा, ग्राम प्रधान और ग्रामसभा प्रधान की रिक्तियों को लेकर भी पदाधिकारियों को उपायुक्त ने आवश्यक दिशा निदेश दिये। उपायुक्त ने प्रमाण पत्रों से जुड़े लंबित मामलों का भी जल्द निष्पादन करने का निदेश बैठक में दिया। रांची जिला में थाना/टीओपी/ओपी के लिए भूमि चिन्हितिकरण के मामले शेष रहने पर उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को 1 सप्ताह में प्रस्ताव देने का निर्देश दिए।