रांची (ब्यूरो)। फेस्टिवल को देखते हुए रांची नगर निगम ने भी कमर कस ली है। सिटी में फैल रहे डेंगू को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने टीम तैयार किया है। दुर्गा पूजा में गंदगी और मलेरिया से निपटने के लिए निगम ने खास तैयारी की है। निगम और जिला मलेरिया विभाग मिलकर शहर को साफ और स्वच्छ बनाने की दिशा में काम करेंगे। पूजा के दौरान मलेरिया और डेंगू के मामलों की खास निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी संभावित प्रकोप को तेजी से पहचाना जा सके और उसका समाधान समय पर किया जा सके। प्रत्येक दिन डेंगू से संक्रमित मरीज सामने आ रहे हैं। रिम्स, सदर हॉस्पिटल समेत सिटी के प्राइवेट क्लिनिक में भी मलेरिया से ग्रसित मरीज अपना इलाज करवा रहे हैं। पूजा में होने वाली भक्तों की भीड़ को देखते हुए निगम ने एक्शन प्लान तैयार किया है।

दस टीम पर होगी जिम्मेवारी

डेंगूू मलेरिया की रोकथाम और साफ-सफाई के लिए निगम ने दस टीम का गठन किया है। हर टीम में पांच सदस्य होंगे, जिन्हें विशेष रूप से डेंगू निगरानी और लार्वा उन्मूलन का काम सौंपा गया है। इस काम के लिए नगर निगम द्वारा कुल 400 से अधिक सफाई कर्मचारियों को 20 से 25 अक्टूबर तक पांच दिनों के लिए मुफ्त आवास और भोजन प्रदान किया जाएगा। निगम कर्मियों को मुफ्त आवास और भोजन इसलिए दिया जा रहा है क्योंकि दुर्गा पूजा के दौरान उनकी ड्यूटी शिफ्ट बढ़ाई जा सके। आमतौर पर सफाई कर्मचारी दो शिफ्ट में काम करते हैं, लेकिन पूजा के दिनों में वे तीन शिफ्ट काम करेंगे।

फॉगिंग मशीनें होंगी यूज

शहर के सभी पूजा पंडालों और आसपास के इलाकों में नगर निगम फॉंिगंग करवाएगा। साथ ही दवा का भी छिड़काव किया जाएगा। उप प्रशासक रजनीश कुमार ने बताया कि नगर निगम के पास नौ फॉगिंग मशीनें और 200 से अधिक छिड़काव मशीनें उपलब्ध हैं। जिससे पूरे शहर में प्रतिदिन छिड़काव व फॉगिंग कराई जाती है। पूजा के दौरान इसमें इजाफा किया जाएगा। पूजा समितियों से भी नगर निगम ने गंदगी नही फैलाने का आग्रह किया है। इसके अलावा शहर के गली-मुहल्ले में लगी स्ट्रीट लाइट को भी दुरुस्त करने का निर्णय लिया गया है। निगम के सभी सुपरवाइजर को इसकी जिम्मेवारी सौंपी गई है।

जाम फ्री अभियान

राजधानी रांची में करीब 157 पूजा पंडालों का निर्माण हो रहा है। पूजा की शॉपिंग भी शुरू हो चुकी है। दूसरी ओर सिटी में फ्लाइओवर निर्माण कार्य भी चल रहा है। जिस वजह से शहर में हर दिन लोगों को जाम की समस्या झेलनी पड़ रही है। सिटी की कोई सड़क नहीं जिसमें जाम नहीं लग रहा हो। कुछ इलाकों में यह स्थिति भयावह होती जा रही है। जाम की बड़ी वजह सड़क-नाली का एनक्रोचमेंट है। सड़कों पर दुकान लगाने से सड़कें संकरी हो जाती हैं, जिसे देखते हुए अब नगर निगम ने भी अभियान शुरू कर दिया है। एनक्रोचमेंट करने वाले स्थायी और अस्थायी दुकानों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद दिख रहा है। दुर्गा पूजा में शहर में जाम की स्थिति ना बने, इसके लिए रांची नगर निगम तैयारियों में जुटा हुआ है। सड़कों को जाम मुक्त कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

अवैध दुकानें व पार्किंग परेशानी

सड़क के दोनों तरफ दुकान लगाने वाले दुकानदारों की तरफ से सड़क पर भी अतिक्रमण कर लिया जाता है, जिसकी वजह से जाम की स्थिति बनती है। इसके अलावा लोगों द्वारा अवैध तरीकों से वाहनों को सड़क पर पार्क करने से जाम की स्थिति और बदतर हो जाती है। इसको देखते हुए सड़कों को जाम मुक्त करने के इरादे से प्रशासन ने कारवाई की है। ट्रैफिक पुलिस भी इस दिशा में काम कर रही है। लेकिन 15 दिन की कार्रवाई के बाद भी सिटी की सड़कों पर कोई फर्क नहीं पड़ा है। मेन रोड, हरमू रोड, चर्च रोड, अपर बाजार, बरियातू, सर्कुलर रोड, रातू रोड, लालपुर, कोकर, कांटाटोली, डोरंडा समेत अन्य इलाकों में लोगों को भारी जाम का सामना करना पड़ रहा है।

डेंगू और मलेरिया को देखते हुए फेस्टिवल में विशेष ड्राइव चलाया जाएगा। इसके लिए टीम का गठन कर जिम्मेवारी सौंप दी गई है। शिकायत आने पर कार्रवाई की जाएगी।

-रजनीश कुमार, डीएमसी, रांची