रांची (ब्यूरो)। अगर आप रांची बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दूसरे शहर में फ्लाइट लेकर जा रहे हैं तो लंच साथ लेकर जाएं, क्योंकि बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर रेस्टोरेंट लाउंज बंद है। रांची शहर के लोग जिन्हें आस-पड़ोस के शहर में जाना है वे घर से लंच करके निकलते हैं, लेकिन दूसरे शहरों से कनेक्टिंग फ्लाइट के थ्रू आने वाले पैसेंजर्स को भूख मिटाने के लिए स्नेक्स का ही सहारा है। पिछले तीन साल से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट का रेस्टोरेंट बंद है। इसे बार-बार शुरू करने की बात कही जा रही है, लेकिन अभी तक इसकी शुरुआत नहीं हो पाई है।

रेस्टोरेंट चलाने को कोई तैयार नहीं है

बिरसा मुंडा बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर रेस्टोरेंट्स चलाने के लिए कोई तैयार नहीं है। एयरपोर्ट अथॉरिटी द्वारा इसे चलाने के लिए कई बार टेंडर निकाला गया, लेकिन कोई भी टेंडर लेने को तैयार नहीं है। बार-बार टेंडर रद्द किया जा रहा है। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के डायरेक्टर केएल अग्रवाल ने बताया कि रेस्टोरेंट चलाने के लिए टेंडर निकाला गया था, लेकिन किसी भी पार्टी में पार्टिसिपेट नहीं किया।

रेट बहुत अधिक है

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर रेस्टोरेंट का किराया बहुत अधिक है। अब बिरसा मुंडा एयरपोर्ट अथॉरिटी द्वारा अपने विभाग को पत्र लिखकर रेट में सुधार करने को कहा गया है, ताकि रेट कम हो और लोग रेस्टोरेंट चलाने के लिए लोग आगे आएं।

7000 पैसेंजर 34 लाइन फ्लाइट

रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से अलग-अलग शहरों जैसे दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, पटना, बेंगलुरु के लिए 34 फ्लाइट हर दिन उड़ान भर्ती है। अमूमन हर दिन 7000 पैसेंजर का आना-जाना इस एयरपोर्ट से होता है, लेकिन इसे रेस्टोरेंट पर खाने की सुविधा नहीं रहने के कारण पैसेंजर को हमेशा परेशानी होती है.एयरपोर्ट पर टी, कॉफी स्टॉल तो हैं लेकिन प्रॉपर खाने की चीजें उपलब्ध नहीं हैं।

सिर्फ टी, कॉफी व स्नैक्स के स्टॉल

एयरपोर्ट लाउंज में टी, कॉफी के स्टॉल व स्नैक्स के सहारे ही लोगों को 2 घंटे इंतजार करना पड़ता है, क्योंकि फ्लाइट में जाने के लिए उनको 2 घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचना होता है।

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर रेस्टोरेंट लाउंज चलाने के लिए टेंडर निकाला गया था, लेकिन इस टेंडर में एक भी पार्टी ने पार्टिसिपेट नहीं किया। रेस्टोरेंट का किराया पहले से तय रखा गया है, इसलिए अब इसमें बदलाव करने के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी को पत्र लिखा गया है। इसमें सुधार करके फिर से टेंडर निकाला जाएगा।

-केएल अग्रवाल, डायरेक्टर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची