RANCHI: रांची नगर निगम के अधिकारी शनिवार की सुबह डोर टू डोर कचरा कलेक्शन की सच्चाई जानने निकले। इस दौरान एएमसी विद्यानंद शर्मा के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने वार्डो में जाकर लोगों से फीडबैक भी लिया। कुछ लोगों ने कूड़ा गाड़ी में जिंगल नहीं बजाने की कंप्लेन की तो कुछ लोगों ने कहा कि कूड़ा उठाने वाली गाड़ी आधे रास्ते से ही लौट जाती है। ऐसे में लोग कूड़ा लेकर अपने दरवाजे पर इंतजार करते रह जाते हैं। इस पर नगर निगम के अधिकारियों ने सुपरवाइजरों को व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया।

अब हर वार्ड में इंस्पेक्शन

एक अधिकारी ने बताया कि इंस्पेक्शन का सिलसिला अब जारी रहेगा। अधिकारियों की टीम सुबह वार्डो में जाकर सफाई व्यवस्था देखेगी। इसके साथ ही गड़बड़ी पाए जाने पर कार्रवाई भी की जाएगी। इसके अलावा कूड़ा उठाने वाली गाडि़यों को भी साफ-सुथरा रखने का निर्देश दिया गया। गौरतलब हो की रांची नगर निगम की ओर से शहर में मेकेनाइज्ड क्लिनिंग को लेकर डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन सिस्टम शुरू किया गया है। लेकिन इसको लेकर विभिन्न इलाकों से शिकायतें आ रही हैं।