रांची(ब्यूरो)। नगर निगम स्थित विभिन्न मुहल्लों की जर्जर सड़कों की सूरत जल्द संवरने वाली है। नगर निगम इसकी तैयारी में जुट गया है। महापर्व छठ के बाद सड़क-नालियों को दुरुस्त करने का निर्णय लिया गया है। निगम क्षेत्र की करीब 150 सड़कों की तस्वीर बदलेगी। बरसात में जिन मुहल्लों कीसड़कों की परतें उखड़ गई थीं, उस पर फिर से अलकतरा की परत चढ़ाई जाएंगी। वहीं, जहां सड़क नहीं है वहां भी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। सिर्फ सड़क-नाली ही नहीं, बल्कि तालाब और सरना स्थलों का भी ब्यूटीफिकेशन करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। दो फेज में सभी काम होंगे। पहला फेज 24 नवंबर और दूसरे फेज का टेंडर 30 नवंबर को खोला जाएगा। इसमें चयनित कांट्रैक्टर को सिर्फ तीन से चार महीने का ही समय दिया जाएगा। इसी बीच सौंदर्यीकरण के भी सभी काम कांट्रैक्ट धारी को करने होंगे। गौरतलब हो कि राजधानी रांची के गली-मुहल्लों की सड़कों की हालत काफी खराब हो चुकी है। बारिश की वजह से कहीं सड़क पर गड्ढे हो गए हैं तो कहीं सड़क की पिचिंग उखड़ गई है। इस कारण आवागमन में लोगों को काफी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं।

जर्जर सड़क से गुजरना मुश्किल

शहर के दर्जनों वार्डों की सड़कों की स्थिति ऐसी है, जिससे होकर गुजरना किसी जंग लडऩे से कम नहीं है। वर्षों से स्थानीय लोग इन सड़कों के निर्माण की मांग करते रहे हैं। लेकिन निगम की ओर से कभी कोई कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि, अब निगम की ओर से सड़क-नाली दुरुस्त करने की पहल की जा रही है। सड़क निर्माण होने से वार्ड क्षेत्र में रहने वाले लोगों को पहुंच पथ और नाली नहीं होने समेत अन्य तरह की बदहाली से राहत मिलेगी। नगर निगम के अधिकारियों की मानें तो फरवरी महीने तक सभी मुहल्लों की सड़कें चकाचक हो जाएंगी।

नगर सरकार के बिना ही प्रशासक ने की पहल

गौरतलब हो कि पांच साल के कार्यकाल के बाद निगम बोर्ड 27 अप्रैल को भंग हो चुका है। लेकिन चुनाव नहीं होने के कारण अबतक शहर की सरकार का गठन नहीं हुआ है। जिस कारण शहर वासियों को विभिन्न परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। बोर्ड भंग होने के चार माह बाद पहली बार बड़े पैमाने पर विकास कार्य किए जाने का निर्णय हुआ है। प्रशासक अमित कुमार द्वारा इसके लिए समन्वय समिति का गठन किया गया है, जो वार्ड की समस्याओं के समाधान पर अपनी रिपोर्ट पेश करेगी।

हर वार्ड की स्थिति खराब

रांची नगर निगम क्षेत्र के हर वार्ड की स्थिति काफी खराब है। सड़क-नाली की समस्याओं से आम नागरिक जूझ रहे हैं। लोगों का कहना है कि बारिश और सिटी में हो रहे फ्लाई ओवर निर्माण कार्य के कारण मुहल्लों और गलियों की सडकों की दयनीय स्थिति हो गई है। कई वर्षोंं से सड़क और नाली निर्माण नहीं किया गया है, जिस वजह से लोगों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्य के कारण सड़क पर जहां-तहां जल जमाव की स्थिति बनी रहती है। जहां लोग गिर कर चोटिल भी हो रहे हैं। हर दिन लोग दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। बहरहाल वार्ड क्षेत्र में रहने वाले लोगों के लिए सुविधाएं बहाल करने के काम में तेजी लाने का प्रयास किया जा रहा है। कम राशि वाली, लेकिन जरूरी काम को पूरा करने के लिए हर वार्ड के लिए बराबर-बराबर राशि की स्वीकृति मिली है। सबसे पहले सड़क और नाली दुरुस्त करने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा लंबे समय से हो रही मांग को प्राथमिकता दी जाएगी।