रांची (ब्यूरो) । झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता बुधवार को एक महिला के साथ अश्लील वीडियो प्रसारित होने के मामले में मीडिया के सामने आए। प्रसारित वीडियो को विपक्षी नेताओं का षडयंत्र करार देते हुए उन्होंने अपने धुर विरोधी निर्दलीय विधायक सरयू राय पर जमकर हमला बोला। साथ ही इस मामले की जांच में पुलिस को हर तरह से सहयोग करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने रांची में अपने आवास पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पुलिस के पास भुक्तभोगी के तौर पर पहुंचा हूं और पुलिस जब चाहेगी अपना मोबाइल जांच के लिए सौंप दूंगा। इस मामले में लगातार मुखर विधायक सरयू राय पर प्रहार करते हुए बन्ना ने कहा कि यह सारा खेल उन्हीं का रचा हुआ है। जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय गोपीचंद जासूस बनकर बयानबाजी कर रहे हैं।

इतनी जानकारियां उन्हें कैसे मिली

मंत्री ने कहा कि उनसे जुड़ा वीडियो पहले ट््िवटर पर आता है। फिर महिला के बारे में बताया जाता है। वह कहां रहती है और किस दुकान में काम करती है, यह सब भी बताया जाता है। उसकी जान पर खतरे की बात भी कही जाती है। किसी महिला की जासूसी करने और उसे बदनाम करने का अधिकार उन्हें किसने दिया है। इतनी जानकारियां उन्हें कहां से मिलती हैं। यह सब कुछ एक षडयंत्र के तहत किया जा रहा है।

सीपी सिंह मामले में चुप्पी क्यों

रांची के विधायक सीपी ङ्क्षसह का उल्लेख करते हुए बन्ना गुप्ता ने कहा कि उन्हें ब्लैकमेल करने के लिए एक महिला ने नग्न होकर वीडियो काल किया तो उसपर न सरयू राय कुछ बोले ना ही भाजपा के कोई नेता कुछ बोले। सब पीडि़त समझकर उनके साथ खड़े हुए, लेकिन मेरे साथ ऐसा हुआ तो मेरी खिल्ली उड़ाने लगे। उन्होंने कहा कि वीडियो एडिट कर विरोधियों ने उन्हें बदनाम करने की साजिश रची। पुलिस जांच में सब सामने आ जाएगा। इस क्रम में बन्ना ने यह भी कहा कि हम बैकवर्ड हैं, पर कमजोर नहीं।

डीएनए जांच करवाएं सरयू राय

बन्ना गुप्ता ने सरयू राय को लगे हाथ चुनौती भी दे डाली और कहा कि मैं अपना मोबाइल दो मिनट में पुलिस को सौंप दूंगा और पुलिस को जहां जांच करानी हो, करा ले, लेकिन सदैव नैतिकता की बात करनेवाले सरयू राय यह बताएं कि पीडि़त महिला की पहचान उजागर करने के लिए उन्होंने इतनी मशक्कत क्यों की। अगर किसी की पहचान उजागर करनी ही है तो बताएं कि उनके साथ रहनेवाली और कार्यक्रमों में आने-जानेवाली महिला कौन है। वहीं, उस महिला के पुत्र से उनका क्या संबंध है। उन्होंने लगे हाथ सरयू राय से डीएनए जांच कराने की भी मांग कर डाली। सांसद निशिकांत दुबे के आरोपों पर उन्होंने कहा कि वे बड़े भाई हैं, मेरा मुंह ना खुलवाएं। निजी आरोप लगा रहे हैं तो यह भी बता दूं कि उनके बारे में सभी जानते हैं।

चाहे जितना जोड़ लगा लो, कुछ नहीं बिगड़ेगा

उन्होंने कहा कि इस मामले में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और विधायक दल के नेता को उन्होंने स्वयं जानकारी दी है। मुख्यमंत्री को जानकारी देने के संबंध में उन्होंने कहा कि यह हमारे प्रदेश नेतृत्व की जिम्मेदारी है। सरयू राय के उस बयान पर भी मंत्री ने नाराजगी जाहिर की, जिसमें राय ने कहा था कि अभी 30 सेकेंड का वीडियो आया है, जबकि पूरा वीडियो तीन मिनट का है। बन्ना गुप्ता ने चुनौती देते हुए कहा कि तीन मिनट नहीं, 30 घंटे का वीडियो भी बनवा लीजिए। हम मुकाबले के लिए तैयार हैं। कोई कितना भी जोर लगा ले, उनका कुछ नहीं बिगड़ेगा।