रांची : पंडरा इलाके के रहनेवाले विकास कुमार भगत ने अपने ही बच्चों का अपहरण कर लिया। मामले में मां की शिकायत पर केस दर्ज हुआ। इसके बाद पुलिस ने खोजबीन शुरू की तो आरोपित पिता को गिरफ्तार कर लिया गया। बच्चों को भी बरामद कर लिया। अपहृत बच्चों में शामिल तीन वर्ष की बिट्टू कुमारी व एक वर्ष का बबलू कुमार हैैं। दोनों बच्चों की बरामदगी सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीनगर स्थित विकास कुमार भगत के यहां से की गई। आरोपित को पकड़ने के लिए डेहरी रोहतास से महिला थाने की पुलिस रांची पहुंची थी। रांची पुलिस के सहयोग से आरोपित को पकड़ा गया।

रोहतास का रहनेवाला

आरोपित विकास कुमार भगत मूलरूप से रोहतास जिले के डालमिया नगर थाना क्षेत्र के गंगोली का रहने वाला है। बिट्टू और बबलू दोनों बच्चे दोनों उसकी पहली पत्नी से हैं। आरोपित ने दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी से विवाद चल रहा था। इसके बाद आरोपित पति ने साजिश रची और रिश्तेदारों के साथ मिलकर पहले अपने ही दोनों बच्चे का अपहरण किया और फिर रोहतास से रांची पहुंच गया। पुलिस कॉल डिटेल व अन्य तकनीक के मदद से आरोपित तक पहुंची।

पत्नी से विवाद पर अपहरण

बिट्टू कुमारी व बबलू कुमार का अपहरण बिहार के रोहतास जिले से नवंबर महीने में ही कर लिया गया था। आरोपित विकास कुमार भगत ने अपने रिश्तेदारों के सहयोग से दोनो बच्चों का अपहरण किया था। इसके बाद लक्ष्मीनगर में किराये के मकान में बच्चों को छुपाकर रख दिया था।

11 नवंबर को रोहतास में एफआईआर

घटना में शामिल अन्य आरोपितों विजय श्रीवास्तव, किरण देवी, अमरावती देवी, जीवन ज्योति को पुलिस पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मामले को लेकर रोहतास जिले के महिला थाना डेहरी में 11 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज कराई कई थी।