RANCHI: रांची समाहरणालय के कमरा नम्बर 14 में जिला प्रशासन द्वारा सेवा केन्द्र खोला गया है। यहां राशन आवंटन, वितरण, नया कार्ड निर्माण, सदस्य जोड़ना, आधार जोड़ना, खाता सुधार या नया खाता जोड़ना, मोबाइल जोड़ना, डीलर चेंज करने समेत सभी काम ऑनलाइन हो रहे हैं। इस व्यवस्था का रांची में करीब 3 लाख से अधिक लोगो द्वारा लाभ लिया जाएगा। लोगों की बढ़ती संख्या और कार्य में सरलता लाने के उद्देश्य से डीसी आर महिमापत रे के निर्देश पर सेवा केन्द्र की शुरुआत की गई है। इस सेवा केन्द्र के खुलने से लोगों को सरकारी काम में पारदर्शिता के साथ काफी आसानी होगी।

डीएसओ को देखरेख का जिम्मा

ब्लॉक के कमरा संख्या 14 में जिला आपूर्ति पदाधिकारी नरेन्द्र गुप्ता की देखरेख में लाभरहित ऑनलाइन सेवा देने के उद्देश्य से सेवाकेंद्र खोला गया है। इस केन्द्र पर कर्मियों द्वारा समय पर लाभुको को समुचित जानकारी भी मिलेगी। साथ ही उन्हें आवश्यक प्रिंट आउट से लेकर तमाम तरह की सुविधाएं नि:शुल्क या अत्यंत कम शुल्क पर प्राप्त होंगी।

इन्हें मिलेंगी मुफ्त सेवाएं

इस सेवा केंद्र में भिखारी, कचरा चुनने वाले, रोगी, विधवा, दिव्यांग को बिल्कुल मुफ्त में सेवा प्राप्त होगी। उनसे किसी प्रकार की कोई राशि नहीं ली जाएगी। साथ ही अन्य लाभुको से भी मात्र पेपर, प्रिंट व एंट्री करने का शुल्क लिया जाएगा, जो बाजार से बेहद कम होगा।

मिलेंगी ये सेवाएं

इस केन्द्र में आधार एंट्री, मोबाइल नंबर एंट्री, खाता एंट्री, नया कार्ड, डीलर चेंज, कार्डधारी मुखिया चेंज, ई-कार्ड, आधार कार्ड और ई-सुधार की सेवाएं मिलेंगी।

साइबर कैफे व प्रज्ञा केन्द्रों में होती है मनमानी

राशन कार्ड बनवाने के लिए समाहरणालय पहुंचे कई लोगों ने अधिकारियों से शिकायत की साइबर कैफे और प्रज्ञा केंद्रों में मनमानी रकम वसूली जा रही है। इन कैफे वालों के द्वारा भिखारीयों, कुष्ठरोगी, विधवा व अन्य अत्यंत गरीब लोगों से भी रुपया वसूली की जाती रही है।

वर्जन

लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सेवा केन्द्र खोला गया है। इस केन्द्र से आठ तरह की सेवाएं प्रदान की जाएंगी, जिनके लिए गरीबों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। वहीं, अन्य को भी मिनिमम शुल्क पर सेवा दी जाएगी।

=नरेन्द्र गुप्ता, डीएसओ, रांची