-वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए हुई सुनवाई, 20.31 करोड़ रुपये मनी लांड्रिंग का है आरोप

-आय से अधिक मामला व पारा शिक्षक हत्याकांड में पहले ही सजा भुगत रहे एक्का

रांची : राज्य सरकार के पूर्व मंत्री एनोस एक्का की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं। आय से अधिक संपत्ति मामले में दोषी ठहराए जाने के माह भर बाद ही मनी लांड्रिंग मामले में भी सात साल की सजा सुनाई गई है। साथ ही दो करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। जुर्माना नहीं देने पर एक साल अतिरिक्त सजा काटनी होगी। गुरुवार को ईडी के विशेष जज एके मिश्रा की अदालत ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सजा की बिंदु पर सुनवाई की। एके मिश्रा ने अपने आवासीय कार्यालय से जबकि ईडी के विशेष लोक अभियोजक व बचाव पक्ष के वकील ने भी अपने-अपने घर से ही जूम एप के माध्यम से सुनवाई में भाग लिया। वहीं, एनोस को जेल से वीडियो कांफ्रेंसिंग से जोड़ा गया।

मालिकाना हक केंद्र को

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने 22.38 करोड़ रुपये की मनी लांड्रिंग में एनोस को दोषी पाते हुए अपना फैसला सुनाया। साथ ही, ईडी द्वारा जब्त की गई संपत्ति का मालिकाना हक केंद्र को देने का निर्देश दिया। ईडी की ओर से केस की पैरवी विशेष लोक अभियोजक एसआर दास ने की। बीते 21 मार्च को एनोस को दोषी ठहराया गया था। इसके बाद लॉकडाउन की घोषणा हो गई। इस कारण चार बार सजा टालनी पड़ी। इससे पूर्व एनोस एक्का को पारा शिक्षक हत्याकांड में उम्रकैद जबकि आय से अधिक संपत्ति मामले में बीते 25 फरवरी को सात साल जेल की सजा सुनाई गई है। जिसकी वे सजा काट रहे हैं।

देश के अलग-अलग हिस्सों में संपत्ति

मधु कोड़ा मंत्रीमंडल में मंत्री रहे एनोस एक्का के खिलाफ ईडी ने अक्टूबर 2009 में प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू की थी। छानबीन के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में एनोस व उनके रिश्तेदारों के नाम संपत्ति पाई गई जिसे ईडी ने जब्त कर लिया। जनवरी 2005 में झारखंड विधानसभा चुनाव के दौरान एनोस एक्का ने चुनाव आयोग को अपनी संपत्ति 18 लाख 55 हजार रुपये बताई थी। वर्ष 2005 से वर्ष 2008 तक एनोस के मंत्रित्व काल में उन्हें वेतन मद में 33 लाख 55 हजार 934 रुपये प्राप्त हुए। एनोस की कुल वैध आमदनी 52.10 लाख रुपये पाई गई थी। लेकिन वर्ष 2010 के बाद संपत्ति बढ़कर 20.31 करोड़ रुपया हो गई।

एनोस ने कहां-कहां किया निवेश :

-1.21 करोड़ की सुभानी डेयरी, इरवा अपोलो अस्पताल के निकट।

-1.80 करोड़ का मेनन एक्का के नाम पर रांची एयरपोर्ट के निकट विशाल बंगला।

-1.74 करोड़ की चाय बागान चलपाईगुड़ी(प। बंगाल)

-1.63 करोड़ की मेसर्स मोटोरिस्ट इन प्रा। लि।

-1.32 करोड़ मेनन एक्का के नाम पर निवेश

-2.04 करोड़ मेसर्स एक्का प्रा। लि।

-2.11 करोड़ की जमीन रांची के चुटिया क्षेत्र में

-85 लाख की सात गाड़ी (इंडीवर, सफारी व अन्य)

-65.48 लाख नई दिल्ली के फतेहपुर के बेड़ी हॉज खास में 13 डिसमिल जमीन

-23.20 लाख का दो फ्लैट सरकुलर रोड रांची में (हरिओम टावर व श्रीराम रेसीडेंसी में)

-58.20 लाख का फ्लैट गुड़गांव में (दीपक लकड़ा के नाम पर)

-23 लाख भाई गिद्दीयन के नाम पर

-10 लाख एफडी बैंक ऑफ इंडिया में

-17 लाख का मकान सिमडेगा में

-20.28 लाख निवेश सिमडेगा में

--------------