रांची(ब्यूरो)। श्री श्याम मित्र मंडल द्वारा निर्मित व संचालित हरमू रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में जगतगुरु पूर्णावतार 1008 भगवान श्री कृष्ण का 5247वां जन्मोत्सव समारोह श्री कृष्ण जन्माष्टमी के रूप में 19 अगस्त शुक्रवार को विविध कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा। श्री श्याम मित्र मंडल के महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया ने बताया कि इस वर्ष संपूर्ण मंदिर परिसर की साफ-सफाई का काम विशेष रूप से चल रहा है। संपूर्ण मंदिर परिसर को हरियाली पत्तों, फूलों, फलो तथा बैलून से सजाया जाएगा। मंदिर में स्थापित सभी देवी देवताओं को नवीन केसरिया वस्त्र पहनाए जाएगा।

कोलकाता की भजन मंडली

रात 8 बजे से विशेष भजन संकीर्तन का कार्यक्रम होगा। कोलकाता के प्रसिद्ध भजन गायक संदीप सुल्तानिया व गायिका निशा सोनी को आमंत्रित किया गया है। वहीं, स्थानीय गायकों द्वारा भी भजनों की प्रस्तुती दी जाएगी। मंडल के अध्यक्ष सुरेश सरावगी ने बताया कि रात 8 बजे के बाद मंदिर के सभी पट में पर्दा लगा दिया जाएगा। शास्त्रानुसार महास्नान श्रृंगार भोग आदि कार्य प्रारंभ किया जाएगा। ठीक 12 बजे मंदिर का पट खुलते ही जन्मोत्सव दर्शन तथा महाआरती होगी। मंडल के मंत्री श्री गौरव अग्रवाल मोनू ने बताया कि खाटू धाम के श्री श्याम मंदिर की परंपरा के अनुसार जन्माष्टमी उत्सव आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी भक्तों से जन्माष्टमी कार्यक्रम में भाग लेने का निवेदन किया है। यह जानकारी मंडल के मंत्री गौरव अग्रवाल मोनू ने दी।

धूमधाम से मनेगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

संत शिरोमणि श्री श्री 108 स्वामी सदानंदजी महाराज द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट रांची के सदस्यों की एक बैठक हुई, जिसमें धूमधाम से श्री कृष्ण जन्माष्टमी मनाने का निर्णय लिया गया। संस्था के सदस्यों ने बताया कि संस्था द्वारा श्री कृष्ण जन्मोत्सव, नन्दोत्सव एवं भगवान की छठी महोत्सव बहुत ही धूमधाम से मनाया जाएगा। मौके पर अन्नपूर्णा भंडारे के प्रसाद वितरण का भी आयोजन होगा। वहीं कोलकाता की रास मंडली द्वारा कान्हा जन्मोत्सव लीला, शिव दर्शन लीला, नन्दोत्सव लीला की प्रस्तुती दी जाएगी।