RANCHI: झारखंड के विधायकों और सांसदों से जुड़े आपराधिक मामले में तेज सुनवाई के लिए विशेष कोर्ट का गठन किया गया है। झारखंड हाइकोर्ट के आदेश से रांची और धनबाद में विशेष अदालत का गठन किया गया है। रांची में अपर न्यायायुक्त दिनेश कुमार और धनबाद में अपर न्यायायुक्त अखिलेश कुमार की विशेष अदालत में सांसदों व विधायकों से जुड़े आपराधिक मामलों की सुनवाई होगी।

हाइकोर्ट ने दिया आदेश

रांची में अपर न्यायायुक्त दिनेश कुमार की अदालत में 13 जिलों के विधायक और सांसद से जुड़े आपराधिक मामलों की सुनवाई होगी। जबकि धनबाद में 11 जिलों के विधायक और सांसद से संबंधित मामले निपटाए जाएंगे। हाइकोर्ट ने राज्य की विभिन्न अदालतों में चल रहे विधायक और सांसद से जुड़े आपराधिक मामलों को स्पेशल कोर्ट में स्थानांतरित करने का आदेश दिया है।

81 में से 41 विधायकों के खिलाफ आपराधिक मुकदमे

झारखंड के बिहार से अलग नया राज्य बनने से भी पहले यहां दागी नेताओं को जनप्रतिनिधि के तौर पर चुने जाने का अघोषित चलन रहा है। इस वर्ष हुए विधानसभा चुनावों के परिणाम में भी इससे कुछ अलग नहीं रहा है। इस बार भी चुने गए 81 विधायकों में से 54 फीसदी के खिलाफ आपराधिक मुकदमे चल रहे हैं। हालांकि दागी विधायकों का आंकड़ा 2014 विधानसभा चुनावों के मुकाबले घटा है। बताया जा रहा है कि 81 में से 41 विधायक व पूर्व विधायकों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसमें सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों शामिल हैं। कई विधायकों पर गंभीर अपराध में लिप्त रहने का भी आरोप है। स्पीडी ट्रायल होने से केस का जल्द निपटारा होगा।