रांची (ब्यूरो): मौके पर 22 जुलाई की को रात 8 से 10.15 बजे तक तथा 24 जुलाई की रात 8 से 11 बजे तक विशेष दीवान सजाया जाएगा। महान कीर्तनी जत्था भाई जसप्रीत सिंह सोनू वीर जी (दिल्ली वाले) विशेष रूप से शिरकत कर साध-संगत को शबद गायन से निहाल करेंगे। दोनों दीवानों की समाप्ति के उपरांत गुरु का अटूट लंगर भी चलाया जाएगा। प्रकाश पर्व को लेकर सत्संग सभा द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सत्संग सभा के अर्जुन देव मिढ़ा ने समूह साध संगत से इस प्रकाश पर्व में शामिल होकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त करने का आह्वान किया है।

निकलेगी साइकिल यात्रा

सत्संग सभा के मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा ने बताया कि श्री गुरुतेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरु नानक सेवक जत्था द्वारा 31 जुलाई को रांची से हजारीबाग तक साइकिल यात्रा निकाली जाएगी। कोविड संक्रमण के कारण पिछले वर्ष यह यात्रा नहीं निकाली जा सकी थी। यह यात्रा गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा कृष्णा नगर कॉलोनी रातू रोड से सुबह 6.30 बजे मनीष मिढ़ा द्वारा अरदास के बाद शुरू होगी, जिसमें जत्थे के 66 साइकिल सवार शामिल होंगे।

रात नौ बजे पहुंचेंगे हजारीबाग

यह यात्रा रात नौ बजे गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, हजारीबाग पहुंचकर संपन्न होगी। यात्रा में शामिल सभी साईकल सवार हजारीबाग से ठीक पहले क्षितिज हॉस्पिटल के पास एकत्रित होंगे जहां से प्रस्थान कर जत्था हजारीबाग स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा पहुंचेगा और इस साइकिल यात्रा का समापन होगा। यह जत्था गुरु नानक सेवक जत्था के मनीष मिढ़ा के नेतृत्व में रवाना होगा। यात्रा के साथ सत्संग सभा द्वारा उपलब्ध कराई गई दो बसें, एंबुलेंस एवं अन्य वाहन शामिल होंगे। हजारीबाग से जत्था बसों द्वारा उसी रात 11 बजे रांची के लिए वापस रवाना होगा।