RANCHI: वरीय आइएएस अधिकारी सुखदेव सिंह ने बुधवार को मुख्य सचिव का प्रभार लिया। सुखदेव सिंह ने स्वयं अपना प्रभार ग्रहण किया। इसके पूर्व मंगलवार को मुख्य सचिव डॉ। डीके तिवारी के विदाई समारोह में वे शामिल हुए थे, जहां तिवारी ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुख्य सचिव के तौर पर प्रभार लेने के बाद उन्होंने मंत्रालय में मौजूद अधिकारियों से एक-एक कर मुलाकात की।

ईमानदार छवि है पहचान

झारखंड के नए मुख्य सचिव सुखदेव सिंह मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले हैं। 1987 बैच के इस आइएएस अधिकारी की छवि एक ईमानदार अधिकारी की रही है और अपने लंबे कार्यकाल में उन्होंने सभी विभागों में काम किया है। 1989 से 1991 तक इनकी पोस्टिंग एसडीओ के रूप में रही और इसके बाद 1991 से 1993 तक डीडीसी रहे। सुखदेव सिंह को पहली बार उपायुक्त का प्रभार देवघर में मिला। इसके बाद बोकारो, गिरिडीह और रांची जैसे जिलों में भी उन्होंने उपायुक्त का प्रभार संभाला।

सुखदेव सिंह सरकार के तमाम विभागों से लेकर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव तक का दायित्व संभाल चुके हैं। ये उन चंद अफसरों में शामिल हैं, जिनसे कोई भी विभाग अछूता नहीं रहा है। बिहार कैडर से अपनी सेवा शुरू करने के बावजूद जिन 4 जिलों में उन्हें उपायुक्त का जिम्मा मिला, वे सभी झारखंड के थे। इतना ही नहीं, जब अलग राज्य का गठन हुआ तो 11 महीनों तक वे राजधानी रांची के उपायुक्त रहे। बेबाक छवि के सुखदेव सिंह 2018 में मुख्य सचिव कैडर के अधिकारी बने और अब उन्हें मुख्य सचिव का जिम्मा मिला है। उनके पास अभी चार वषरें का लंबा कार्यकाल है।