RANCHI : स्वच्छता रैंकिंग में अपने शहर को बेहतर रैंकिंग दिलाने में आपकी भी अहम भूमिका होगी। चार जनवरी से स्वच्छता रैंकिंग के लिए शुरु हो रहे सर्वेक्षण में आमलोगों के साथ बच्चों से भी सवाल पूछे जाएंगे। इनके जवाब की बेसिस पर भी शहर की रेटिंग निर्धारित की जाएगी। पिछले साल स्वच्छता अभियान के सर्वे में राजधानी रांची पूरे देश में 63वें पायदान पर रही थी।

ये शहर किए गए हैं शामिल

केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय की ओर से पूरे देश में स्वच्छता रैंकिंग के लिए सर्वे कराया जा रहा है। इस सर्वे में वैसे शहरों को शामिल किया गया है, जिसकी आबादी एक लाख से ज्यादा है। 2017 में झारखंड के नौ शहर सर्वे के लिए चुने गए हैं। इनमें रांची, जमशेदपुर धनबाद, आदित्यपुर, हजारीबाग, चास मानगो , देवघर और गिरिडीह शामिल हैं। जबकि, 2016 में रांची, जमशेदपुर और धनबाद में स्वच्छता रैंकिंग के लिए सर्वे हुआ था।

आसान नहीं है राह

स्वच्छता सर्वे में राजधानी रांची की रेटिंग सुधारने की राह आसान नहीं है। शहर में आज भी सार्वजनिक इलाकों व सड़कों के किनारे जहां-तहां गंदगी पसरी रहती है। नालियों की रेगुलर व प्रॉपर साफ-सफाई नहीं हो रही है। ड्रेनेज सिस्टम भी इस शहर को मुंह चिढ़ा रहा है। ऐसे में नगर निगम के लिए सर्वे शुरु होने के पहले शहर को चकाचक करने के लिए युद्धस्तर पर काम करना होगा। इसमें आम लोगों का भी सहयोग खास मायने रखता है।

लोगों से पूछे जाएंगे छह सवाल

1. क्या आप अपने शहर के स्वच्छ सर्वेक्षण 2017 के लिए जागरूक है?

2. पिछले साल की तुलना में आपका इलाका कितना साफ है?

3. क्या आप महसूस करते है कि इस बार मार्केट में डस्टबीन बढ़े है?

4. डोर टू डोर वेस्ट मैनेजमेंट और कलेक्शन से संतुष्ट है?

5. पिछले साल की अपेक्षा टॉयलेट की संख्या बढ़ी है?

6. क्या पीटी, सीटी में रख रखाव में सुधार हुआ है?

2000 अंकों का होगा सर्वे

- 900 अंक सेल्फ असेसमेंट पर

- 500 अंक स्वतंत्र ऑब्जर्वर से

- 600 अंक सिटीजन फीडबैक से

- फीडबैक गलत होने पर निगेटिव मार्किंग

- सिटीजन से पूछे जाएंगे छह सवाल

स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए चल रही तैयारियां

- एफएम चैनल पर जिंगल्स

- स्वच्छता रथ से हो रहा प्रचार

- प्रमुख मार्ग पर लगाए गए होर्डिग

- बल्क में भेजा जा रहा एसएमएस

- 33,628 शौचालय बनाने का लक्ष्य

- 5500 शौचालयों का निर्माण पूर्ण

- डस्टबीन के साथ ट्रॉली डस्टबीन की व्यवस्था

आम लोगों से सहयोग का आग्रह

स्वच्छता रैंकिंग में राजधानी रांची की रेटिंग बेहतर करने के लिए रांची नगर निगम ने प्रयास शुरु कर दिए हैं। चूंकि, इस बार लोगों व बच्चों की राय भी ली जाएगी। ऐसे में उन्हें अवेयर करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। लोगों को बताया जा रहा कि स्वच्छता को लेकर आपसे सवाल पूछे जाएंगे। ऐसे में अपने शहर को स्वच्छ रखने के लिए वे नगर निगम को सहयोग करें।

एक महीने तक चलेगा सर्वे

शहरी विकास मंत्रालय की ओर से चार जनवरी से चार फरवरी तक चयनित शहरों में स्वच्छता रैंकिंग के लिए सर्वे कराया जाएगा। इसके परिणाम 15 फरवरी को जारी किए जाएंगे। इधर, स्वच्छता एप से शिकायतों के समाधान में रांची आठवें स्थान पर है, जबकि यहां अबतक 5200 लोग स्वच्छता एप डाउनलोड कर चुके हं, जबकि टारगेट 25 हजार रखा गया है।