रांची (ब्यूरो) । मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मंगलवार को रांची में बन रहे कांटा टोली फ्लाईओवर और सिरम टोली फ्लाईओवर के कार्यों के प्रगति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने विशेषकर कांटाटोली फ्लाईओवर और सिरम टोली फ्लाईओवर के जंक्शन पर ट्रैफिक सिस्टम व्यवस्थित रखने की दिशा में उठाए जा रहे तकनीकी पहलुओं की जानकारी जुडको और पथ निर्माण विभाग के अभियंताओं से ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों फ्लाईओवर के जंक्शन पर स्मूथ ट्रैफिक के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।

यूटिलिटी शिफ्टिंग का निर्देश

सीएम ने दोनो फ्लाईओवर के निर्माण के क्रम में यूटिलिटी शिफ्टिंग को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी लेते हुए कई आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अभियंताओं से कहा कि अगर फ्लाईओवर को लेकर किसी तरह की तकनीकी अड़चन आ रही है तो उसका अविलंब समाधान निकाला जाए।

तय समय पर हो निर्माण

उन्होंने कहा कि दोनों ही फ्लाईओवर का निर्माण तय समय तक हर हाल में हो जाना चाहिए। इस मौके पर अधिकारियों ने बताया कि कांटा टोली और सिरम टोली फ्लाई ओवर निर्माण में आधुनिकतम तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस मौके पर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री की प्रधान सचिव वंदना डाडेल और पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार मौजूद थे।

मंत्री को देखने पहुंचे

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज पारस एचईसी अस्पताल, रांची में इलाजरत शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो को देखने पहुंचे और उनका कुशल क्षेम जाना। उन्होंने चिकित्सकों से उनके चिकित्सा से संबंधित जानकारी ली। ज्ञात हो कि तबीयत बिगडऩे के बाद उन्हें इलाज हेतु पारस एचईसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सीएम ने शोक जताया

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने वरिष्ठ पत्रकार डॉ वेद प्रताप वैदिक जी के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि डॉ वेद प्रताप जी के चले जाने से पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दु:ख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे।