रांची (ब्यूरो) । राजधानी रांची को जाम फ्री बनाने और लोगों को सड़क पार करने में सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जुडको की ओर से सिटी में कई जगह फुटओवर ब्रिज बनाने हैं। इसको लेकर डेढ साल से सिर्फ टेंडर पर टेंडर निकाला जा रहा है लेकिन अभी तक एक भी एजेंसी काम करने के लिए आगे नहीं आई है। अब 12वीं बार जुडको ने टेंडर निकाला है। इस बार भी ठेकेदार नहीं मिला तो मनोनयन के आधार पर बिल्डर का चयन किया जाएगा। बता दें कि अलबर्ट एक्का चौक पर प्रस्तावित फुट ओवरब्रिज के लिए तीसरी बार व किशोरगंज चौक पर प्रस्तावित फुट ओवरब्रिज बनाने के लिए 8वीं बार ई-टेंडर निकाला गया है। इन दोनों जगहों पर फुट ओवरब्रिज और एस्केलेटर लगाया जाना है। दोनों योजनाओं के लिए 8 मई तक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं।

जाम फ्री सिटी है लक्ष्य

राजधानी को जाम मुक्त बनाने के लिए 8 प्रमुख चौक-चौराहों पर फुट ओवरब्रिज बनना प्रस्तावित है। इन सभी जगहों पर एस्केलेटर युक्त फुट ओवरब्रिज बनाने की योजना 2020 में बनी थी। पहले फेज में 3 नए फुट ओवरब्रिज बनाने और चर्च कॉम्प्लेक्स के पास बने फुट ओवरब्रिज को अपग्रेड करने के लिए दिसंबर 2021 से टेंडर निकलना शुरू हुआ। अब तक 11 बार अलग-अलग फुट ओवरब्रिज के लिए टेंडर निकाले गए, लेकिन जुडको को कोई ठेकेदार ही नहीं मिल रहा है।

क्या हैं टेंडर की शर्तें

किशोरगंज फुट ओवरब्रिज का बजट 4.60 करोड़ रुपए है। इसके लिए टेंडर डॉक्यूमेंट और बिड सिक्योरिटी मनी के तौर पर 4.60 लाख रुपए आवेदक को जमा करने होंगे। वहीं, अल्बर्ट एक्का चौक पर प्रस्तावित फुट ओवरब्रिज बनाने में 17.69 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके लिए आवेदक को टेंडर डॉक्यूमेंट के लिए 25 हजार रुपए और बिड सिक्योरिटी मनी के तौर पर 17.69 लाख रुपए जमा करने होंगे। सिक्योरिटी मनी रिफंडेबल होगी।

तो बिल्डर का होगा मनोनयन

पहले फेज में बनने वाले चार फुट ओवरब्रिज पर 30 करोड़ रुपए खर्च किए जाने हैं। किशोरगंज चौक और अलबर्ट एक्का चौक के फुट ओवरब्रिज पर करीब 22 करोड़ रुपए खर्च होंगे, जबकि न्यूक्लियस मॉल के पास बनने वाले फुट ओवरब्रिज पर 4.42 और चर्च कॉम्प्लेक्स के पास बनने वाले फुट ओवरब्रिज को अपग्रेड करने में 2.89 करोड़ रुपये खर्च होंगे। न्यूक्लियस मॉल और चर्च कॉम्प्लेक्स वाले फुट ओवरब्रिज का भी टेंडर एक-दो दिन में निकाला जाएगा। लेकिन चिंता की बात यह है कि नगर विकास विभाग के इस ड्रीम प्रोजेक्ट पर कंपनियां और ठेकेदार दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। अगर इस बार भी ठेकेदार नहीं मिले तो मनोनयन के आधार पर बिल्डर का चयन किया जाएगा।

यहां बनना है फुट ओवरब्रिज

रांची में जिन जगहों पर फुट ओवरब्रिज प्रस्तावित हैं, उनमें बिरसा चौक, हरमू चौक, बिग बाजार के पास, रोस्पा टावर, अलबर्ट एक्का चौक, किशोरगंज चौक और न्यूक्लियस मॉल शामिल हैं। इन सभी जगहों पर बड़े मार्केट और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स होने की वजह से दिनभर लोगों का आना-जाना लगा रहता है।