---खूंटी थाना क्षेत्र के सेरेंगडीह, डंगराटोली के पास रांची-चाईबासा मुख्य सड़क पर हुआ हादसा

-टैंकर की चपेट में आए दो लोग, मौके पर हुई मौत

खूंटी : खूंटी में शुक्रवार को तेज रफ्तार वाहन ने दो राहगीरों से उनकी ¨जदगी छीन ली। दोनों सड़क किनारे पैदल ही अपने गांव की ओर जा रहे थे। मृतकों की पहचान कुंदी गांव के रहने वाले 60 वर्षीय बिरसा हेमरोम और 22 वर्षीय लाधु उरांव के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार की दोपहर खूंटी थाना क्षेत्र के सेरेंगडीह, डंगराटोली के पास रांची-चाईबासा मुख्य सड़क पर तेज रफ्तार टैंकर ने पैदल चल रहे दो लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टैंकर की चपेट में आने से दोनों की मृत्यु घटनास्थल पर ही हो गई। इस संबंध में मृतक बिरसा हेमरोम के पुत्र विजय हेमरोम ने बताया कि उनके पिता बिरसा हेमरोम सुबह ही कामता गए थे। कामंता से वापसी के क्रम में तेज रफ्तार टैंकर ने उन्हें और उनके साथ चल रहे लाधु उरांव को कुचल दिया। इससे दोनों की मृत्यु घटनास्थल पर ही हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही खूंटी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और टैंकर को जब्त करने के बाद दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

जा रहा था रांची

वहीं, एक अन्य घटना में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से तपकरा निवासी 22 वर्षीय युवक विक्की साहू की मृत्यु हो गई। जानकारी के अनुसार विक्की अपने घर तपकरा से गुरुवार की देर रात मोटरसाइकिल से रांची जा रहे थे। रास्ते में खूंटी थाना क्षेत्र के हुटार के सामने सड़क पर किसी अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। वाहन की चपेट में आने से उनकी मृत्यु घटनास्थल पर ही हो गई। विक्की रांची में रहकर काम करता था।

---