-- प्रभावित राज्यों से लौटे लोगों में मिलने लगा संक्रमण, बढ़ी चिंता

- रांची के हिंदपीढ़ी में मिला एक और पॉजिटिव केस

- हजारीबाग और कोडरमा में भी मिला एक-एक मरीज

- गिरिडीह का रहनेवाला है कोडरमा में मिला मरीज

रांची : झारखंड में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। शनिवार को भी जांच रिपोर्ट में तीन लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके साथ ही झारखंड में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। इनमें बोकारो निवासी एक बुजुर्ग की मौत हो चुकी है। राज्य में अबतक मिले कोरोना के मरीजों में जहां 13 लोग तब्लीगी जमाती और उनके संपर्क के लोग हैं, वहीं तीन मरीज बाहर से आए मजदूर हैं। लॉकडाउन के दौरान बड़ी संख्या में आए मजदूर बिना जांच के गांवों में गए हैं। इनमें कई संक्रमित भी हो सकते हैं। इसे लेकर भी चिंता बढ़ी हुई है। फिलहाल रांची का हिंदपीढ़ी, बोकारो के तेलो, साड़म और आसपास के इलाके तथा हजारीबाग का विष्णुगढ़ कोरोना का हॉट स्पॉट बना हुआ है। अब शनिवार को इसमें कोडरमा का भी नाम जुड़ गया।

सिटी का एक और मामला

शनिवार को रांची के हिंदपीढ़ी तथा हजारीबाग के विष्णुगढ़ में एक-एक और पॉजिटिव केस मिला। वहीं, कोडरमा में इसका पहला मरीज मिला। हालांकि कोडरमा में मिला कोरोना संक्रमित गिरिडीह के राजधनवार का रहनेवाला है। यह 26 वर्षीय युवक 21 मार्च को मुंबई से अपने भाई के साथ लौटा था। वहीं, हजारीबाग के विष्णुगढ़ का भी संक्रमित युवक कुछ दिनों पहले ही मुंबई से लौटा था। दोनों एक-दूसरे से मिलते-जुलते भी रहे हैं।

-----

बाहर से आए मजदूर बने चिंता

इधर, महाराष्ट्र, पश्चिमी बंगाल जैसे अधिक कोरोना प्रभावित राज्यों से झारखंड लौटे लोगों में संक्रमण मिलने से राज्य सरकार की चिंता बढ़ गई है। चिंता की बात यह है कि लॉकडाउन लागू होने से कुछ दिनों पहले तथा इसके बाद बड़ी संख्या में मजदूर एवं अन्य लोग कोरोना प्रभावित राज्यों से झारखंड लौटे हैं।

------------------

फिर सामने आई लापरवाही

कोरोना संदिग्धों की पहचान में एक बार फिर जिला प्रशासन की लापरवाही सामने आई है। गिरिडीह का युवक मुंबई से लौटने के बाद कई दिनों तक अपना इलाज अलग-अलग जगहों पर कराता रहा, लेकिन उसे आइसोलेशन में नहीं रखा जा सका। बताया जाता है कि युवक 21 मार्च को ही गिरिडीह लौटा था जबकि तीन अप्रैल से उसे आइसोलेशन में कोडरमा सदर अस्पताल में रखा गया। आशंका जताई जा रही है कि वह इस दौरान कई लोगों के संपर्क में आया होगा। इस मरीज ने गिरिडीह के अलावा कोडरमा के लोगों और जिला प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।

---------------

कब और कहां मिले कोरोना के मरीज

31 मार्च : रांची के हिंदपीढ़ी में ठहरी मलेशिया मूल की तब्लीगी महिला पाई गई संक्रमित।

02 अप्रैल : हजारीबाग के विष्णुगढ़ के एक व्यक्ति में मिला संक्त्रमण। पश्चिम बंगाल के आसनसोल से लौटा था।

05 अप्रैल : बोकारो के चंद्रपुरा के तेलो गांव की महिला निकली कोरोना मरीज।

06 अप्रैल : रांची के हिंदपीढ़ी की एक और महिला में संक्त्रमण।

08 अप्रैल : हिंदपीढ़ी के पांच और लोगों में संक्रमण, बोकारो के चंद्रपुरा में तीन और गोमिया में एक मरीज। गोमिया के मरीज की मौत हो गई है।

09 अप्रैल : बोकारो के चंद्रपुरा में मिला एक और पॉजिटिव केस।

11 अप्रैल : हिंदपीढ़ी तथा हजारीबाग में एक-एक और मरीज। कोडरमा (गिरिडीह का रहनेवाला) में पहला मरीज।

--------------------

किस जिले में अबतक कितने मिले मरीज

रांची (हिंदपीढ़ी) : 08

बोकारो : 06

हजारीबाग : 02

कोडरमा/गिरिडीह : 01