रांची (ब्यूरो) । राजधानी रांची में इन दिनों बर्तन चमकाने वाले ठग घूम रहे हैं। इन्हें हम ठग इसलिए कह रहे हैं क्योंकि ये लोग बर्तन चमकाने के बहाने महिलाओं को ठगी का शिकार बना रहे हैं। सिटी में इन दिनों इस प्रकार की लगातार घटनाएं सामने आ रही हैं। यदि आप अपने पुराने बर्तन को चमकाने की चाहत रख रहे हैं तो आपको अलर्ट रहने की जरूरत है। थोड़ी सी चूक आपको बड़ा नुकसान पहुंचा सकती है। बरियातू, बूटी मोड़, मोरहाबादी जैसे इलाकों से ऐसी शिकायतें सामने आई हैं। जहां सतर्कता के कारण कुछ लोग बचने में सफल रहे है। तो वहीं कुछ महिलाएं ठगों की शिकार बन गईं। इसी हफ्ते मोरहाबादी और बरियातू में रहने वाली दो महिलाएं ठगों की शिकार हुई हैं। मोरहाबादी निवासी चंद्रकांति देवी से सवा लाख रुपए ठग लिये। वहीं बरियातू की रहने वाली निर्मला देवी ने भी 70 हजार रुपए के जेवरात उड़ाने का मामला दर्ज कराया है।

निशाने पर महिलाएं

बर्तन साफ करने के बहाने जेवरात और कीमती सामानों पर हाथ साफ करने वाला गिरोह महिलाओं को निशाना बना रहा है। वैसी महिलाएं जो घर पर अकेली रहती हैं, उन्हें पुराने घिसे-पीटे बर्तन चमकाने का लालच दिया जाता है। महिलाएं आसानी से ठगों की बातों में आ जाती हैं। पहले ये लोग कुछ बर्तन चमका कर महिला को पूरी तरह से अपने शिकंजे में ले लेते हैं। बर्तन चमकाने के लिए कुछ केमिकल और हल्दी पाउडर का प्रयोग करते हैं। मोरहाबादी निवासी चंद्रकांति देवी ने बताया कि बर्तन साफ करने आए युवकों को पीतल और कांसा के बर्तन साफ करने के लिए दिए थे। एक कटोरे में पानी लेकर उसमें कुछ केमिकल और हल्दी पाउडर डाला, जिसके बाद बर्तन भी कटोरे में डाल दिया। कुछ देर बाद बर्तन चमकने लगा। जिससे उसकी बातों पर भरोसा हो गया। इसके बाद उसने सोने-चांदी के जेवर साफ करने के लिए मांगे। सोने की तीन चूडिय़ां दे दीं। युवकों ने उसे भी कटोरे में डाल दिया, और दस मिनट बाद निकालने की बात कहते हुए वहां से चले गए। थोड़ी देर बाद जब कटोरे में हाथ डाला तो उसमें कुछ नहीं था।

खुद को बताते हैं सरकारी कर्मी

बर्तन साफ करने वाला गिरोह खुद को सरकारी कर्मचारी बता कर ठगी की वारदात को अंजाम दे रहा है। गिरोह के सदस्य किसी घर पर जाकर वहां रह रही महिला को सरकार की ओर से आने की बात बताता है। सरकारी योजना के तहत फ्री में बर्तन साफ किया जा रहा है। वे लोग अपने पास आईडी कार्ड भी रखते है जिससे महिलाएं ठगों के जाल में फंस जाती हैं। शहर के अलावा आउटर इलाकों में भी गिरोह के सदस्य घूम रहे हैं। पुराने बर्तन और सोने के आभूषण की सफाई एवं चमकाने के नाम पर लोगों की ज्वेलरी लेकर चंपत हो जा रहे हैं। ऐसे लोगों से पुलिस भी सतर्क रहने की अपील कर रही है।