रांची (ब्यूरो) । राज्य सरकार ने बढ़ती गर्मी तथा चल रहे लू को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया है। अब 25 अप्रैल तक के लिए केजी से पांच की कक्षाएं सुबह सात बजे से 11 बजे तक संचालित होंगी। इसी तरह छह से 12वीं की कक्षाएं सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगी। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव के रवि कुमार ने मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया।

एक हफ्ते के लिए व्यवस्था

स्कूलों के संचालन को लेकर यह तात्कालिक व्यवस्था बुधवार से शुरू होगी जो 25 अप्रैल तक लागू रहेगी। यह आदेश सभी सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक तथा निजी स्कूलों में लागू होगा। विभाग के आदेश के अनुसार, इस दौरान स्कूलों में प्रार्थना सभा, खेलकूद या अन्य गतिविधियां धूप में संचालित नहीं की जाएंगी। सरकारी स्कूलों में बच्चों को पूर्व की तरह मध्याह्न भोजन मिलेगा। गर्मी को देखते हुए बच्चों के हित में लगातार स्कूलों के समय में बदलाव करने की मांग उठ रही थी। कई शिक्षक संघों ने भी शिक्षा सचिव से मिलकर इसकी मांग रखी थी। हालांकि शिक्षक स्कूलों में और पहले छुट्टी देने की मांग अभी भी कर रहे हैं।

अभी तीन बजे तक क्लासेज

बता दें कि वर्तमान में सरकारी व सहायता प्राप्त स्कूलों का संचालन सुबह सात बजे से अपराह्न एक बजे तक किया जा रहा था। अपराह्न एक बजे से दो बजे तक का समय बच्चों के खेलकूद के लिए रखा गया था। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव ने अपने आदेश में यह भी कहा है कि स्कूलों के समय में बदलाव किए जाने से जो कक्षाएं नहीं हो सकेंगी उनकी भरपाई बाद में की जाएगी। इस संबंध में अलग से आदेश जारी किया जाएगा।