RANCHI: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के आदेश के बाद गिरिडीह निवासी 12 वर्षीय सोनी कुमारी को इलाज के लिए आर्थिक मदद पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री को इस संबंध में गिरिडीह के डीसी ने सूचित किया है कि रिम्स में इलाजरत सोनी कुमारी को मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना के तहत राशि प्रदान की जाएगी। मालूम हो कि मुख्यमंत्री ने गिरिडीह डीसी को सोनी के इलाज के लिए असाध्य रोग उपचार योजना के अंतर्गत कार्रवाई के लिए निर्देश दिया था।

सोनी की दोनों किडनी है खराब

बारह वर्षीय सोनी रिम्स में इलाजरत है। सोनी की दोनों किडनियां खराब हैं। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उसके परिजन एम्स में इलाज करा पाने में सक्षम नहीं हैं।

अर्शी नाज को भी मिला सहारा

मुख्यमंत्री की पहल पर कैंसर पीडि़त अर्शी नाज को मुख्यमंत्री गम्भीर रोग उपचार योजना से लाभान्वित कर दिया गया। मुख्यमंत्री को धनबाद उपायुक्त ने सूचित करते हुए बताया कि पीडि़ता को तत्काल टाटा मेमोरियल होस्पिटल, मुंबई के बिल के अनुसार मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत एक लाख बीस हजार रुपये स्वीकृत कर आरटीजीएस से भुगतान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री को बताया गया कि धनबाद के वासेपुर, करीमगंज निवासी अर्शी नाज कैंसर से पीडि़त है। उसकी अन्तिम उम्मीद सरकार से है।

नेमरा में सीएम ने लगाया जनता दरबार

हेमन्त सोरेन ने बुधवार को रामगढ़ जिला के गोला प्रखंड स्थित अपने पैतृक गांव नेमरा में लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने इस संबंध में आवेदन दिए। मुख्यमंत्री ने भी मौके पर ही अधिकारियों को लोगों की समस्याओं के निदान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ जिलों में बकाए को लेकर डीवीसी द्वारा 18-18 घंटे बिजली की कटौती किए जाने की जानकारी है। सरकार इस मामले की बहुत जल्द समीक्षा करेगी और क्या बेहतर हो सकता है इसपर निर्णय लेगी। बिजली व्यवस्था बेहतर करना सरकार की प्राथमिकता है। इस मौके पर शिबू सोरेन और अन्य परिजन, विधायक ममता देवी, डीडीसी संजय सिन्हा समेत रामगढ़ जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।