रांची: रांची में एक बार फिर कोरोना के केसेज बढ़ने लगे हैं। शनिवार को झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो भी कोरोना की चपेट में आ गए। उन्हें रिम्स में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। श्री महतो ने खुद अपने ट्विटर अकाउंट पर इस बात की जानकारी दी। उन्होंने बताया है कि पिछले दो दिनों से हल्की बुखार थी, जिसके बाद उन्होंने कोविड टेस्ट कराया। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद रिम्स में भर्ती किये गये हैं।

रांची में 98 हुए रिकवर

इधर, रांची में शनिवार को 125 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। दूसरी ओर, 98 लोग रिकवर भी हुए, जिन्हें विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज भी किया गया। नये इन्फेक्टेड केसेज के मामले में दूसरी बड़ी संख्या जमशेदपुर की रही, जहां 30 लोगों में संक्रमण पाया गया। वहीं जमशेदपुर से 32 लोगों के स्वस्थ होने की भी पुष्टि हुई है।

यहां से मिले इतने संक्रमित

झारखंड में शनिवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार 236 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई। इसमें रांची से 125, बोकारो से 9, देवघर से 2, धनबाद से 21, दुमका से 2, पूर्वी सिंहभूम से 30, गोड्डा से 1, गुमला से 4, हजारीबाग से 7, खूंटी से 3, कोडरमा से 6, लातेहार से 4, लोहरदगा से 3, पलामू से 8, रामगढ़ से 5, सरायकेला से 1, पश्चिमी सिंहभूम से 5 संक्रमित शामिल हैं।

1494 एक्टिव केसेज

अब तक राज्य भर में 116672 लोगों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसमें 114133 लोग स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि कोरोना संक्रमित 1045 लोगों की मौत भी हो चुकी है। इस प्रकार अब राज्य में 1494 एक्टिव केसेज बचे हैं।

रांची में सबसे ज्यादा केसेज

शनिवार को रांची और धनबाद में एक-एक संक्रमित की मौत की पुष्टि हुई। इसके साथ ही रांची में अब तक कोरोना संक्रमित 223 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं एक्टिव केसेज के मामले में भी रांची सबसे ऊपर है। यहां 732 एक्टिव केसेज बचे हैं। पाकुड़ जिले में एक भी संक्रमित नहीं हैं। वहीं जमशेदपुर में 163 एक्टिव केसेज हैं, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।