RANCHI:आधे शहर में पानी की सप्लाई ठप है। लेकिन प्रशासन से पानी मांगने पर जवाब में अधिकारियों के फोन नम्बर बांटे जा रहे हैं। जिला प्रशासन की पहल पर पेयजल एवं स्वच्छता प्रमण्डल, रांची के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, निरंजन कुमार ने पेयजल से संबंधित लोगों की समस्याओं को फोन पर सुना। लेकिन उनके पास लोगों को देने के लिए न तो सही जानकारी थी न ही उचित जवाब। उन्होंने हर सवाल के जवाब में सिर्फ संबंधित अधिकारियों के नम्बर जारी कर दिए। कुल मिलाकर जिला प्रशासन का लोगों की शिकायतों को सुनने और उसका हल करने का जो संकल्प और प्रयास है, वो कहीं से भी हल नहीं हो पाया।
जिसने नंबर दिया उसी से मांग लो पानी
मिले हुए नम्बरों पर लोग फोन कर रहे हैं तो उधर से कहा जा रहा है कि जिसने नम्बर दिया है, उसी से पानी मांग लो। अब लोगों को समझ नहीं आ रहा कि इसका क्या जवाब दें। पानी की समस्या दिनोंदिन विकराल रूप लेती जा रही है। डीसी राय महिमापत रे ने रोस्टर बनाकर पानी की सप्लाई के निर्देश जारी किए थे, लेकिन विभाग ने उसको भी ताक पर रख दिया।
निरंजन कुमार, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर रांची के जवाब
-सीधा संवाद के दौरान रांचीवासियों के पूछे गए सवाल व अधिकारी के जवाब।
सवाल: धुर्वा में पाइपलाइन नहीं बिछी है?-राकेश कुमार, धुर्वा
जवाब: एग्जीक्यूटिव इंजीनियर हटिया प्रमंडल से बात कीजिए(मोबाइल नंबर दिया गया)।
सवाल: हटिया डैम में होमगार्ड ने काम किया, लेकिन वेतन नहीं मिला? - राजेश कुमार
जवाब: एग्जीक्यूटिव इंजीनियर हटिया प्रमंडल से बात करें(मोबाइल नंबर दिया गया)।
सवाल: टेल इंड पर पानी नहीं मिल रहा है? - नरेश प्रसाद सिंह, हरमू हाउसिंग कॉलोनी।
जवाब: निदान के लिए एग्जीक्यूटिव इंजीनियर स्वर्णरेखा वितरण प्रमंडल से बात कीजिए(मोबाइल नंबर दिया गया)।
सवाल: कोन्ता दीपू टोली, अंजुमन हॉस्पिटल के सामने पानी नहीं मिल रहा है?-अर्चना तिग्गा।
जवाब: निदान के लिए एग्जीक्यूटिव इंजीनियर स्वर्णरेखा वितरण प्रमंडल से बात करें(मोबाइल नंबर दिया गया)।
सवाल: चापाकल का पानी खराब है?- राम नारायण पोद्दार, कोकर रोड।
जवाब: रांची नगर निगम से संपर्क कीजिए।
सवाल - पानी नहीं मिल रहा है?- अंशुमान, आनंद विहार, कडरु।
जवाब - निदान के लिए एग्जीक्यूटिव इंजीनियर स्वर्णरेखा वितरण प्रमंडल से बात करने के लिए मोबाइल नंबर दिया गया।
सवाल: 30 दिन से पानी नहीं मिल रहा है। यह समस्या अक्सर रहती है?-डॉ रीता, कडरु।
जवाब: निदान के लिए एग्जीक्यूटिव इंजीनियर स्वर्णरेखा वितरण प्रमंडल से बात करें(मोबाइल नंबर दिया गया)।
सवाल: पाइपलाइन बिछी है पर पानी नहीं मिल रहा है?- अजब लाल महतो, बूटी बस्ती।
जवाब: एग्जीक्यूटिव इंजीनियर स्वर्णरेखा वितरण प्रमंडल से बात करें(मोबाइल नंबर दिया गया)।
सवाल: पानी नहीं आता है?- जोहन दिलीप तिग्गा, वार्ड नंबर-15, चर्च रोड
जवाब: निदान के लिए एग्जीक्यूटिव इंजीनियर स्वर्णरेखा वितरण प्रमंडल से बात कीजिए(मोबाइल नंबर दिया गया)।
सवाल: 5 दिनों से पानी नहीं मिल रहा है?- नियाज अहमद, वार्ड नंबर-45, डोरंडा, ग्वालाटोली।
जवाब: एग्जीक्यूटिव इंजीनियर हटिया प्रमंडल से बात कीजिए(मोबाइल नंबर दिया गया)।
पूरे शहर को बांटते रहे सिर्फ नम्बर
एग्जीक्यूटिव इंजीनियर रांची सीधा संवाद के दौरान केवल नम्बर बांटते रहे। उन्होंने किसी भी शिकायत का न तो जवाब दिया नहीं उसके निष्पादन का तरीका बताया। जिला प्रशासन द्वारा फोन संवाद के पीछे कारण यह माना जाता है कि लोगों की शिकायतों का तुरंत समाधान होगा। लेकिन शिकायतों का समाधान मिलने के स्थान पर केवल संबंधित अधिकारियों के नम्बर मिलते रहे कि यहां शिकायत करें।
पब्लिक के पास पहले से हैं कांटैक्ट नंबर्स
राज्य सरकार और सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा राज्य सरकार के अधीन कार्यरत सभी विभागों के अधिकारियों के मोबाइल नम्बर की डायरी जारी की जाती है। सभी अधिकारियों के फोन नम्बर पहले से ही पब्लिक के पास है। इसके बावजूद केवल नम्बर बांटने से पानी की समस्या का समाधान भला कैसे होगा।
वर्जन
फोन पर जो भी अधिकारी शिकायतें सुनते हैं उन्हें सारी जानकारी होनी चाहिए। अगर उनके पास जानकारियां उपलब्ध नहीं है तो इसे लापरवाही ही माना जा सकता है।
राय महिमापत रे, डीसी, रांची