रांची(ब्यूरो)। रांची से शराब तस्करी का खेल काफी पुराना है। सिर्फ रांची में ही डायरेक्ट शराब की तस्करी नहीं हो रही। बल्कि दूसरे स्टेट में भी अवैध शराब की स्मगलिंग वाया रांची ही की जा रही है। हरियाणा से भी अवैध शराब बिहार तस्करी की जा रही है। हरियाणा, अरुणाचल प्रदेश सहित दूसरे राज्यों से बिहार सीधे न भेजकर इसे वाया रांची पहुंचाया जा रहा है। हरियाणा से अवैध शराब निकलते ही रांची के तस्करों को सूचना दे दी जाती है। वे लोग पूरी तरह एक्टिव हो जाते हैं। प्राइवेट गाडिय़ों में शराब की तस्करी चल रही है। हरियाणा से रांची आने के बाद फिर झारखंड के नंबर वाली गाड़ी से इसे बिहार भेजा जाता है। इसके खुलासा बीते महीने पुलिस की गिरफ्त में आए अपराधियों ने किया है। दरअसल शराब तस्करों को रांची से शराब तस्करी करने में ज्यादा परेशानी नहीं होती। शराब तस्कर सुरक्षा व्यवस्था में चूक का फायदा उठाते हैं और आसानी से शराब को डिमांड वाले स्थान तक पहुंचा देते हैं। शराब की सबसे ज्यादा डिमांड बिहार में रहती है। यहां शराब पर प्रतिबंध लगा हुआ है, जिस वजह से दूसरे राज्यों से चोरी-छिपे शराब बिहार भेजी जाती है। इसे यहां ऊंचे दामों पर बेचा जाता है।

तस्करी में लाइसेंसी दुकानदार भी

शराब की तस्करी में सिर्फ अपराधी ही शामिल नहीं हैं, बल्कि इस खेल में लाइसेंसी दुकानदार भी शामिल हैं। गुरुवार को ही तुपुदाना थाना क्षेत्र में पुलिस तीन शराब तस्करों को पकड़ी, जिसमे एक लाइसेंसी दुकानदार राजेंद्र साहू उर्फ राजा भी शामिल है। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान तीनों तस्करों को 33 पेटी शराब के साथ पकड़ा है। तस्कर कार और स्कूटी में भर कर शराब की पेटी ले जा रहे थे। इसी प्रकार कुछ दिनों पहले कांके रोड से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई थी, जिसे बिहार तस्करी की जा रही थी। गिरफ्तार हुए शराब तस्करों ने भी पुलिस को दिए अपने बयान में कहा है कि सस्ते दामों वाली शराब को महंगे और ब्रांडेड बोतल में भरकर बिहार भेजते थे। पुलिस की टीम ने नकली शराब के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

ताबड़तोड़ छापे, पकड़े जा रहे तस्कर

इन दिनों शराब तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। पुलिस को इसमें सफलता भी मिल रही है। चार दिन पहले ही पुलिस ने एक शराब तस्करी करने वाले विपिन कुमार सिंह नामक माफिया को गिरफ्तार किया है। विपिन को बरियातू थाना क्षेत्र से अरेस्ट किया गया था। बिहार पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी। वहीं मार्च में कांके थाना क्षेत्र से भी तीन शराब तस्कर पकड़े गए थे। वहीं 129 कार्टन शराब के साथ शराब तस्करों को दशमफॉल थाने की पुलिस ने एनएच 33 में वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पकड़ा। इससे पहले भी शराब तस्करी के कई मामले सामने आ चुके हैं। कई बार अवैध शराब भट्ठियों का भी पुलिस ने खुलासा किया है। जहां से नकली बोतल, स्टीकर, मशीन और कई सामान बरामद कर चुके हैं। बार-बार पुलिसिया कार्रवाई के बावजूद यह गोरखधंधा बंद नहीं हो रहा है। एसएसपी एसके झा की मानें तो पुलिस शराब तस्करों के खिलाफ टीम बनाकर कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि संदेहात्मक स्थानों पर पुलिस ने अपने स्पाई छोड़ रखे हैं। गुप्त सूचना के आधार पर लगातार कार्रवाई हो रही है जिसमे पुलिस को सफलता भी मिल रही है।

अवैध शराब की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस वाहन जांच अभियान चला रही है। कई तस्करों को अरेस्ट किया गया है। आगे भी यह जारी रहेगा।

-एसके झा, एसएसपी, रांची