--डोभा से मिला लापता युवक का शव

--25 दिसंबर से घर से था लापता

ठाकुरगांव : ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के पतरातू गांव से लापता रामलाल महतो के पुत्र दिलेश्वर महतो (27वर्ष) का शव गांव के ही धनेश्वर महतो के डोभा से रविवार की सुबह पुलिस ने बरामद किया। जानकारी के अनुसार दिलेश्वर महतो विगत 25 दिसंबर की रात्रि लगभग 8 बजे से घर से लापता था। मामले को लेकर परिजनों द्वारा ठाकुरगांव थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया था। पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया था। दिलेश्वर के पिता रामलाल महतो के बयान पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जिस डोभा से शव मिला है उसके बगल में मृतक का गमझा व टोपी भी पुलिस को मिली है।

---------

सामने आ रहा प्रेम प्रसंग का मामला

पतरातू गांव के ग्रामीणों के अनुसार दिलेश्वर महतो मिलनसार स्वभाव का था। उसकी शादी लगभग 3 वर्ष पूर्व पतरातू थाना क्षेत्र के डाड़ीडीह गांव में हुई थी। वर्तमान में उसकी पत्‍‌नी गर्भवती है। ग्रामीणों के अनुसार हत्या का तार प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि मृतक दिलेश्वर महतो का प्रेम प्रसंग उरूगुटू गांव की एक शादीशुदा औरत से चल रहा था। दिलेश्वर अक्सर उसी के घर में रात भी बितता था। लापता होने के दिन ही वह उरूगुटू से अपने घर आया था। दिन भर घर में रहने के बाद फोन आने के बाद वो एकाएक घर से निकला। तभी से उसका पता नहीं चल पाया। पुलिस के अनुसार दिलेश्वर की हत्या दूसरे जगह कर एक-दो दिन पूर्व ही शव को लाकर डोभा में डाला गया होगा। मामले पर थाना प्रभारी शंभु प्रसाद सिंह ने कहा कि जल्द ही अभियुक्तों को पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में कई जानकारियां पुलिस को मिल चुकी है।