-रेंजर ने आरोपी चालक के खिलाफ दर्ज किया केस

-कुल्हाल पुलिस को भी घटना की सूचना, तलाश जारी

VIKASHNAGAR (JNN) : अवैध खनन करने वालों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे सरकारी कर्मचारी को भी नुकसान पहुंचाने से नहीं चूक रहे हैं। ट्यूजडे को कालसी वन प्रभाग अंतर्गत तिमली रेंज की टीम द्वारा पकड़ी अवैध खनन से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को चालक जबरन छुड़ाकर हिमाचल की सीमा में भाग निकला। चालक ने ट्रैक्टर ट्रॉली पर चढ़ने वाले वन रक्षक व दैनिक कर्मी को धक्का देकर नीचे गिरा दिया। तिमली रेंजर महावीर सिंह रावत ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

की गई कार्रवाई

कुल्हाल क्षेत्र में यमुना में गुरुद्वारे के आसपास उत्तराखंड सीमा में अवैध खनन की सूचना पर तिमली रेंजर महावीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने ट्यूजडे सुबह करीब पांच बजे छापेमार कार्रवाई की। जैसे ही वन टीम को देखा, चालक अवैध खनन से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को लेकर भागने लगा, लेकिन वन टीम ने एक ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में ले लिया। रेंजर ने वन रक्षक पवन रावत व दैनिक कर्मचारी पवन सिंह को अवैध खनन से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को रेंजर कार्यालय लेकर चलने को कहा। रेंजर वहां से वापस हुए ही थे कि अवैध खनन से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली चालक ने ट्रैक्टर पर बैठते समय दोनों वन कर्मियों को धक्का देकर नीचे गिरा दिया। ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर हिमाचल की सीमा में भाग निकला।

आरोपी चालक पर केस दर्ज

वन कर्मियों ने ट्रैक्टर ट्रॉली को पकड़ने के लिए काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन नदी में पत्थर होने के कारण वन कर्मी तेज नहीं दौड़ पाए और तब तक आरोपी चालक वाहन को हिमाचल सीमा में लेकर भाग चुका था। वन रक्षक ने इसकी जानकारी तुरंत रेंजर को दी। रेंजर ने कुल्हाल पुलिस को पूरा वाकया बताने के साथ ही आरोपी चालक के खिलाफ वन अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। रेंजर महावीर सिंह के अनुसार चालक कासिम निवासी कुल्हाल बताया जा रहा है, जिसकी तलाश तेज कर दी गयी है।

==============

पहले भी किए गए दुस्साहस

=बद्रीपुर में वन सुरक्षा अधिकारी नवीन जोशी के नेतृत्व वाली टीम ने अवैध खनन से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली छुड़ाई।

=आदूवाला में तत्कालीन नायब तहसीलदार भूप सिंह के नेतृत्व वाली टीम पर अवैध खनन करने वालों द्वारा पथराव।

=अवैध खनन से भरे वाहन से तत्कालीन तहसीलदार ऋचा सिंह व शालिनी नेगी का सरकारी वाहन पलटने का प्रयास।

=गुडरिच में अवैध खनन माफिया द्वारा रेंजर को दी गयी जान से मारने की धमकी।

=नंदा की चौकी के पास तहसील कर्मी से जबरन छुड़वाई ट्रैक्टर ट्रॉली।