यूपी के बरेली में दिव्यांग लड़की संग हुए दुष्कर्म को 'दबाने' के आरोप में 3 पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया। इसमें दो इंस्पेक्टर व एक दारोगा शामिल हैं। पुलिस कर्मियों ने घटना के संबंध में दुष्कर्म के बजाय छेड़छाड़ की प्राथमिकी दर्ज की।


बरेली (पीटीआई)। उत्तर प्रदेश के बरेली में 13 वर्षीय दिव्यांग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने कहा कि शीशगढ़ थाना क्षेत्र चंद्रपाल (24) ने बीते 24 नवंबर को मूक-बधिर लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया था। हालांकि आरोप है कि इस मामले को कुछ पुलिस कर्मी ही दबाने की कोशिश में थे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई शिकायत के अनुसार, इंस्पेक्टर रामावतार सिंह, इंस्पेक्टर नरेश पाल और एक सब-इंस्पेक्टर ने आरोपी से पैसे लिए और घटना के संबंध में दुष्कर्म के बजाय छेड़छाड़ की प्राथमिकी दर्ज की।

प्राथमिकी में दुष्कर्म की धाराएं जोड़ी जाएंगी
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी पुलिस कर्मियों ने पुलिस चौकी पर पीड़िता से उसके कपड़े बदलवाए और घटना के समय उसके पहने हुए कपड़े गायब कर दिए, जिसे आरोपी के खिलाफ सबूत के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता था। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) राजकुमार अग्रवाल ने कहा, शिकायत के बाद एसएसपी ने जांच का आदेश दिया और आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ आरोप सही पाए गए। ऐसे में तीनों आरोपी पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारी ने कहा कि प्राथमिकी में दुष्कर्म की धाराएं जोड़ी जाएंगी।

Posted By: Shweta Mishra