गुजरात के रहने वाले अथर्व अमित मुले का दावा है कि वह 91 देशों के राष्ट्रगान को अच्छे से गा सकते हैं। अथर्व का नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज हो चुका है।


वडोदरा (एएनआई)। गुजरात के 18 वर्षीय किशोर अथर्व अमित मुले इन दिनों देश ही नहीं विदेश में भी काफी चर्चा में हैं। वडोदरा के रहने वाले अथर्व अमित मुले को 91 देशों के राष्ट्रगान अच्छे से याद हैं। वह इन्हें बड़ी खूबसूरती के साथ गाते हैं। अथर्व अमित मुले ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि हम सब वसुधैव कुटुम्बकम में विश्वास करते हैं। इसलिए सोचा कि हमें अन्य देशों के राष्ट्रगान भी याद करने चाहिए। उन्होंने अब तक पाकिस्तान, अफगानिस्तान और यूनाइटेड किंगडम सहित 91 देशों के राष्ट्रगान को याद किया है। इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने उन्हें 6 मार्च, 2021 को कतर, सीरिया, थाईलैंड, यमन, न्यूजीलैंड सहित 69 देशों के राष्ट्रगान सुनाने में सक्षम होने के लिए एक प्रमाण पत्र से सम्मानित किया।100 से ज्यादा राष्ट्रगान को याद करने का लक्ष्य
अथर्व का भविष्य में भारत के लिए कई पुरस्कार अर्जित करने की कोशिश कर रहे हैं। उनका प्रयास है कि वह 100 से ज्यादा राष्ट्रगान को याद करें। वहीं अपने व अपने परिवार के बारे में उन्होंने बताया कि मेरे परिवार के सदस्य शास्त्रीय संगीत का अभ्यास करते हैं। मेरी मां, दादा-दादी और मां के भाई पेशेवर रूप से शास्त्रीय संगीत में हैं। मैं कर्नाटक संगीत सीख रहा हूं और वीणा बजा रहा हूं। उत्सुकतावश, मैंने विभिन्न देशों के संगीत के बारे में अधिक जानने के लिए राष्ट्रगान सीखना शुरू किया। इसलिए धीरे-धीरे मैंने विभिन्न देशों के गान सीखे हैं।

Posted By: Shweta Mishra