आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान ने शनिवार को राज्यपाल से मुलाकात की। मान को आप विधायक दल का नेता चुना गया है अौर उन्होंने राज्यपाल को पंजाब में सरकार बनाने का दावा पेश किया।

चंडीगढ़ (भाषा)। पंजाब के मनोनीत मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित से मुलाकात के बाद राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया। बैठक के बाद मान ने राजभवन के बाहर संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने अपनी पार्टी के विधायकों के समर्थन का पत्र राज्यपाल को सौंपा, जिन्होंने इसे स्वीकार कर लिया। मान ने कहा, 'हमने सरकार बनाने का दावा पेश किया और राज्यपाल साहब ने इसे मंजूरी दे दी।

16 मार्च को होगा शपथ ग्रहण
48 वर्षीय मान को शुक्रवार को मोहाली में पार्टी विधायकों की बैठक में आप विधायक दल का नेता चुना गया। मान ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह 16 मार्च को दोपहर 12:30 बजे नवांशहर जिले के महान स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के पैतृक गांव खटकर कलां में होगा। मान ने आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अपने शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया है।

आप ने दिग्गजों को दी पटखनी
आप ने 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा में 92 सीटें जीतकर पंजाब में प्रवेश किया है। आप ने इस चुनाव परिणाम में कांग्रेस और शिअद-बसपा गठबंधन को तबाह कर दिया और आप उम्मीदवारों ने निवर्तमान मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, शिअद संरक्षक प्रकाश सिंह बादल और पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह सहित कई दिग्गजों को हराया।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari