- सिटी का दायरा बढ़ाए जाने के लिए शासन के आदेश पर जिला प्रशासन ने शुरू की कवायद

GORAKHPUR: सीएम सिटी के दायरे को बढ़ाए जाने की कवायद शुरू कर दी गई है। शासन के आदेश पर जिला प्रशासन ने भी नगर निगम के अधिकारियों को इसके लिए खाका तैयार करने का निर्देश जारी कर दिया है। बता दें, गोरखपुर जिले की 30 फीसदी आबादी सिटी का हिस्सा बनेगी। डीएम के विजयेंद्र पांडियन ने सिटी के विस्तार का प्रस्ताव तैयार करने के लिए नगर आयुक्त अंजनी कुमार सिंह को निर्देश दे दिया है।

प्रस्ताव तैयार करने में जुटा नगर निगम

जिला प्रशासन की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक, नगर आयुक्त ने नगर निगम सीमा विस्तार को लेकर कवायद शुरू कर दी है। यह कवायद डीएम के निर्देश के बाद शुरू की गई है। नगर आयुक्त ने प्रस्ताव तैयार करने की जिम्मेदारी अपर नगर आयुक्त द्वितीय अनिल सिंह को सौंपी है। वह पूर्व में बने प्रस्ताव और वर्तमान में सिटी के दायरे को बढ़ाने की संभावना का आंकलन करने में जुट गए हैं। इससे सिटी का दायरा तो विस्तार होगा ही, विकास के रास्ते भी बढ़ जाएंगे। साथ ही सिटी के विस्तार में जिला प्रशासन का रोल और बढ़ जाएगा।

90 वार्ड करने का था प्रस्ताव

जिला प्रशासन की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2017 में नगर निगम क्षेत्र के विस्तार की चर्चा चली थी। तब 43 गांवों को शामिल करने की योजना बनाई गई थी। साथ ही वार्डो की संख्या 90 करने की योजना थी। वर्तमान में नगर निगम में 70 वार्ड हैं। नगर निगम का दायरा 147 वर्ग किमी है। सीमा विस्तार से न सिर्फ निगम की आय बढ़ेगी बल्कि लोगों को भी काफी सहूलियत मिलेगी।

वर्जन

सिटी के विस्तार के लिए नगर आयुक्त को निर्देश जारी किया गया है। सिटी से बाहर के गांवों को चिन्हित किया गया है जो सिटी में शामिल होंगे। विकास के रास्ते खुल जाएंगे।

के विजयेंद्र पांडियन, डीएम

Posted By: Inextlive