- मार्च के अंत में आठवां सीएनजी स्टेशन फतुहा में शुरू होने की उम्मीद

- फतुहा के बाद बाढ़ व मसौढ़ी में भी सीएनजी स्टेशन खोलने की योजना

- 61.90 रुपए प्रति किलो है सीएनजी की दर इस समय

PATNA :

कंकड़बाग के बहादुरपुर में अब सीएनजी भी उपलब्ध हो गई है। यहां के स्थित बिहार डीजल पंप पर तिपहिया और चारपहिया वाहन यहां गैस भराने के लिए पहुंचने लगे हैं। हालांकि गेल की ओर इसका औपचारिक उद्घाटन अभी बाकी है। सीएनजी का रेट इस समय 61.90 रुपए प्रति किलो है। डीजल की तुलना में यह बहुत सस्ती है और माइलेज भी ज्यादा मिलती है। इसी वजह से सीएनजी की जबरदस्त मांग देखने को मिल रही है।

24 घंटे में 3000 किलो बिका

बिहार डीजल के प्रोपराइटर अनुज राज ने कहा कि 24 घंटे में करीब 700 वाहन सीएनजी भराने के लिए आए हैं। सोमवार की शाम से मंगलवार की शाम तक महज 24 घंटे में करीब 3000 किलो सीएनजी की बिक्री हो चुकी है। शीघ्र ही पंप का उद्घाटन कंपनी की ओर से किया जाएगा। इसके बाद जानकारी मिलने पर सीएनजी वाहनों की संख्या और बढ़ेगी।

फतुहां में आठवां स्टेशन भी जल्द

वहीं, गेल के डीजीएम विशाल सिंघल ने कहा कि यह पटना का सातवां सीएनजी स्टेशन है। छह सीएनजी स्टेशन पूर्व से ही संचालित किए जा रहे हैं। सातवां स्टेशन खुलने से खास तौर से कंकड़बाग के सीएनजी वाहन मालिकों को सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि मार्च महीने में ही आठवां सीएनजी स्टेशन फतुहा में शुरू हो जाएगा। इसकी तैयारी अंतिम चरण में है। माह के अंत तक इसके चालू हो जाने की उम्मीद है। पटना शहर के साथ ही ग्रामीण इलाकों में भी सीएनजी स्टेशन खोलने का कार्य तेजी से चल रहा है।

हर पांच किमी पर सीएनजी स्टेशन

फतुहा के बाद बाढ़ और मसौढ़ी में भी सीएनजी स्टेशन खोलने की योजना है। इस पर भी काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में भी हर चार से पांच किलोमीटर पर सीएनजी स्टेशन खोलने की तैयारी है। इसके लिए भी सर्वे किया जा रहा है।

Posted By: Inextlive