PATNA : पटना में अपराधी बेलगाम हो गए हैं। वह आए दिन घटनाएं कर पुलिस की मुश्किल बढ़ा रहे हैं। आम लोगों को छोडि़ए अब वह पुलिस पर फायरिंग करने से भी नहीं डर रहे हैं। बुधवार की रात बदमाशों ने एक सिपाही को गोली मार दी। पटना के मोकामा एरिया में हुई घटना से कानून व्यवस्था पर सवाल है। पटना मेडिकल कॉलेज में सिपाही को भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है।

रात के सन्नाटे में मारी गोली

मोकामा थाना एरिया में स्थित रेलवे ओवर ब्रिज के पास हुई घटना को लेकर पुलिस अधिकारियों की मानीटरिंग तेज हो गई है। सूत्रों का कहना है कि अथमलगोला थाना एरिया के रूपस गांव का रहने वाला सूरज कुमार बिहार पुलिस में आरक्षी है। वह मौजूदा समय में बेगूसराय एसपी कार्यालय में तैनात है। बताया जा रहा है कि बुधवार की रात वह अपनी ड्यूटी से वापस अपने गांव आ रहा था। वह मोकामा बाईपास होते हुए अथमलगोला स्थित अपने गांव रूपस नीरपुर जा ही रहा था कि इसी दौरान रास्ते में मोकामा थाना के रेलवे ओवरब्रिज बाईपास के पास तीन अपराधियों ने उसे गोली मार दी। गोली लगते ही सिपाही गिर पड़ा और बदमाश भागने लगे।

सिपाही से लूट की कोशिश

बदमाशों ने सिपाही बाइक लूटने का भी प्रयास किया था। सूत्रों की मानें तो बदमाशों ने पहले बाइक लूटने का प्रयास किया और जब सिपाही ने विरोध किया तो उसे गोली मारी गई। हालांकि मामला क्या है अभी पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। सिपाही को गोली सीने में लगी है लेकिन उसकी जान बच गई है। गंभीर हालत में उसे नजदीक के अस्पताल में ले जाया गया जहां से उसे उसकी गंभीर हालत देख डॉक्टरों पटना मेडिकल कालेज भेज दिया।

Posted By: Inextlive