पहाड़ पर बर्फबारी से कांपेंगे पटनाइट्स
PATNA : पटना में ठंड अभी और सताएगी। कश्मीर में हो रही बर्फबारी का असर यहां भी पड़ने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार आठ जनवरी से ठंड और बढ़ेगी। सोमवार को राजधानी और आसपास के इलाके का तापमान तीन डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया। हवा में नमी की मात्रा सुबह में 93 फीसदी रहने के कारण कनकनी महसूस की गई। बिहार में गया फिर सबसे सर्द हो गया। गया का न्यूनतम तापमान गिरकर 6.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
छाए रहेंगे बादलमौसम विभाग के अनुसार पटना सहित पूरे बिहार में आठ और नौ जनवरी को बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हो सकती है। पटना में सोमवार को न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री और अधिकतम 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया का न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री और अधिकतम 22.7 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री और अधिकतम 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री और अधिकतम 15.5 डिग्री सेल्सियस रहा। बिहार में पूर्णिया और भागलपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से क्रमश: 5 और 7 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंचने के कारण कोल्ड डे रहा।
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार कश्मीर और हिमाचल प्रदेश की ओर से आने वाली बर्फीली हवा का बिहार में आठ जनवरी से प्रभाव पड़ सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। नौ जनवरी को कुछ जगहों पर बूंदाबांदी होने की संभावना है।