उत्तर प्रदेश में 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुए। इसमें भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात सीटों में से छह सीटें जीती है। इस दाैरान सीएम योगी ने पीएम माेदी और अमित शाह को धन्यवाद दिया है।


लखनऊ (एएनआई)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को राज्य के विधानसभा उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया। सीएम योगी ने ट्वीट किया कि आपकी शुभकामनाओं हेतु हृदय से आभार। उत्तर प्रदेश में उपचुनावों के परिणाम आदरणीय प्रधानमंत्री जी के विकासपरक मार्गदर्शन की उपलब्धि है। यह आपके कुशल नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की लगन, परिश्रम तथा सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास के मंत्र के अनुगमन का प्रतिफल है। आपका पुनश्च आभार!सीएम योगी ने गृहमंत्री अमित शाह को दिया धन्यवाद


एक अन्य ट्वीट में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने देश के गृहमंत्री अमित शाह को भी धन्यवाद कहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया कि आपकी शुभकामनाओं हेतु हृदयतल से आभार माननीय गृह मंत्री जी।उत्तर प्रदेश उपचुनावों में यह विजय, आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की अंत्योदय को चरितार्थ करती नीतियों का सुफल है। आदरणीय प्रधानमंत्री जी व आपकी प्रेरणा से उत्तर प्रदेश विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। पुनश्च धन्यवाद!भाजपा उपचुनाव में सात सीटों में से छह सीटें जीती

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने मंगलवार को कहा था कि विधानसभा उपचुनाव में भाजपा का प्रदर्शन इस संभावना की ओर इशारा करता है कि पार्टी 2022 के राज्य चुनाव में भी अच्छा प्रदर्शन करेगी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव में सात सीटों में से छह सीटें जीती हैं, जबकि समाजवादी पार्टी (सपा) ने राज्य में एक सीट हासिल की है। भाजपा ने टूंडला, बांगरमऊ, घाटमपुर, देवरिया, नौगावां सादात और बुलंदशहर सीटें जीतीं, जबकि समाजवादी पार्टी ने मल्हनी सीट जीती।

Posted By: Shweta Mishra