आगरा। एक बार फिर से शहर की फिजा खराब करने का प्रयास किया गया। गणेश विसर्जन के दौरान गैर समुदाय युवकों ने युवती से छेड़छाड़ कर दी। इसी के बाद तनाव हो गया। युवकों ने इसके बाद भी दुस्साहसिक हरकत की। मारपीट के बाद पथराव कर दिया। मौके पर पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी भाग निकले।

निकल रही थी विसर्जन यात्रा

गुरुवार को राधा नगर की तरफ से विसर्जन यात्रा निकल रही थी। यात्रा में महिला श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। शाम सवा पांच बजे करीब गैर समुदाय के करीब आधा दर्जन लड़के आए और यात्रा में शामिल एक युवती से छेड़छाड़ कर दी। इस पर तनाव हो गया। श्रद्धालुओं में घटना को लेकर आक्रोश फूट पड़ा। महिलाओं ने इस घटना का विरोध किया।

मारपीट के बाद किया पथराव

सूचना के मुताबिक विरोध पर गैर समुदाय युवकों ने पांच सौ मीटर के दायरे में तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान एक लड़के की बुरी तरह पिटाई कर दी। लड़का इंद्रा एन्क्लेव के अंदर भाग तो युवकों ने वहां पर पथराव कर दिया। अचानक पत्थर चलने से भगदड़ मच गई। दुकानों के शटर गिर गए। महिलाओं ने घरों की तरफ दौड़ लगा दी। लोग घरों में कैद हो गए। आधे घंटे तक हालात खराब रहे।

मौके से निकल भागे युवक

सूचना पर थाना न्यू आगरा पुलिस पहुंची तो गैर समुदाय युवकों ने यमुना की तरफ दौड़ लगा दी। युवक नदी पार कर यमुना पार चले गए। पुलिस उन्हें नहीं पकड़ सकी। इसके बाद भी मौके पर तनाव बना हुआ था। घटना को लेकर लोग डरे हुए थे। एसओ न्यू आगरा धमेंद्र सिंह के मुताबिक पथराव नहीं हुआ था। कुछ लड़के थे जो यमुना पार कर भाग गए।

Posted By: Inextlive