कोरोना वायरस के बीते 5 महीने में हर दिन सामने आ रहे मामलों में आज सबसे बड़ा उछाल दर्ज हुआ है। यहां एक दिन में 52123 नए मामले दर्ज होने भारत में संक्रमितों की संख्या 1583792 पहुंच गई है। वहीं 34968 लोगों की इस वायरस की वजह से जान जा चुकी है।


नई दिल्ली (एएनआई)। देश में कोरोना वायरस के मामलों ने अब रफ्तार पकड़ ली है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि बीते 24 घंटों में 52,123 नए मामले सामने आए हैं। एक दिन में सामने आने वाले नए मामलों में यह अब तक का सबसे बड़ा उछाल है। इस तरह से देश में अब काेरोना वायरस पीड़ितों की संख्या 15,83,792 पहुंच गई है। इसके अलावा पिछले 24 घंटों में कुल 775 मौतें हुईं, जिसमें मरने वालों की संख्या भी देश में अब 34,968 हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि कुल मामलों में 5,28,242 सक्रिय मामले और 10,20,582 संक्रमित ठीक हो चुके हैं। दुनिया में महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में भारत रूस को पीछे छोड़कर कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित तीसरा देश बन गया है। महाराष्ट्र में अब तक 4,00,651लोग हुए संक्रमित
महाराष्ट्र सबसे अधिक प्रभावित राज्य है क्योंकि इसने बुधवार को 9,211 नए कोविड-19 मामलों के साथ 298 मौतों की सूचना दी है। यहां कुल मामलों की संख्या अब 4,00,651 है, जिनमें 2,39,755 मरीज ठीक हो चुके हैं। वहीं 46,129 सक्रिय मामले और 14,463 मौतें शामिल हैं। इसके बाद दूसरा सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य तमिलनाडु है। यहां कुल मामलों की संख्या 2,34,114 तक पहुंच गई। इसके बाद दिल्ली ने कल 1,035 कोविड-19 मामलों की सूचना दी, जिसमें राष्ट्रीय राजधानी में कुल मामलों की संख्या 1,32,275 थी। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने कहा कि 29 जुलाई तक परीक्षण किए गए कोविड-19 नमूनों की कुल संख्या 1,81,90,382 है, जिनमें कल बुधवार के 4,46,642 नमूने शामिल हैं।

Posted By: Shweta Mishra