Coronavirus: दुनिया भर में 69,000 से अधिक मौतें, अमेरिका व स्पेन में सबसे अधिक लोग संक्रमित
कानपुर। दुनिया भर में कोरोना वायरस के मामले 12,50,000 के आकड़े को पार कर चुके हैं। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस खतरनाक वायरस से दुनिया भर में 69,009 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं और 1,257,833 लोग संक्रमित हैं। इसके अलावा, 253,494 लोग इस वायरस से अब तक ठीक हो गए हैं। पिछले दिन यानी कि रविवार को विश्व भर में कोरोना वायरस के 67,366 नए मामले सामने आए और 4588 मौतें हुईं। अमेरिका और पश्चिमी यूरोप में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है, जिसके कारण विश्व भर में तमाम देशों ने लॉकडाउन के उपाय किए हैं।
इटली और स्पेन में सबसे अधिक मौतेंअगर यूरोप की बात करें तो इस वायरस से दुनिया भर में इटली में सबसे अधिक 15,887 मौतें हुईं हैं। वहीं, यहां कुल 128,948 लोग संक्रमित हैं। इसके अलावा, यहां 21,815 लोग अब तक ठीक हो गए हैं। इटली के बाद स्पेन में कोरोना से सबसे अधिक 12,418 मौते हुईं हैं। यहां कुल 130,759 लोग संक्रमित हैं। इसके अलावा, यहां 38,080 लोग अब तक ठीक हो गए हैं। फ्रांस में 7,560 और ब्रिटेन में मृतकों की गिनती 4,313 हो चुकी है।
अमेरिका में सबसे अधिक संक्रमण के मामलेवहीं, वैश्विक स्तर पर अमेरिका में सबसे अधिक संक्रमित मामले हैं। यहां अब तक संक्रमण के 336,238 मामले सामने आये हैं। अमेरिका में इस खतरनाक वायरस से 9,573 लोगों की मौत हो गई है। बता दें कि इस खतरनाक वायरस का प्रकोप पिछले साल दिसंबर में चीन से शुरू हुआ लेकिन अब यह 212 देशों और क्षेत्रों तक पहुंच गया है। उनमें से 152 ने घातक रिपोर्ट दी है। चीन से बाहर 93 प्रतिशत या 1,176,125 मामलों की पुष्टि हुई है। हालांकि, चीन में हालात अब धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं। यहां अब तक कोरोना के कुल 81,708 मामले सामने आए हैं, इसमें से 3,330 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 77,078 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं।