अजंता कॉलोनी में नगर निगम की टीम को देखते ही घरों में ताले लगाकर भागे लोग

Meerut। शहर में चल रही डेयरियों के खिलाफ नगर निगम का अभियान जोर पकड़ रहा है। शनिवार को अजंता कॉलोनी में नगर निगम के प्रवर्तन दल के पहुंचते ही कई डेयरी संचालक अपनी डेयरियों में ताले लगाकर भाग खड़े हुए। टीम ने अजंता कॉलोनी में हरबीर सिंह की डेयरी का ताला तोड़कर एक भैंस जब्त कर ली। कुछ ही देर में डेयरी संचालक भी वहां पहुंच गया और विरोध जताया।

छापेमारी से मची खलबली

शनिवार सुबह अजंता कॉलोनी पहुंची नगर निगम की टीम ने अमन डेयरी संचालक की दो गाय जब्त की। कैटल कैचर से तीनों को काजी हाउस भिजवा दिया। इसी के साथ बाकी डेयरी संचालकों ने रविवार सुबह 10 बजे तक डेयरी शिफ्ट करने की मोहलत मांगी जो उन्हें दे दी गई। प्रवर्तन दल के प्रभारी रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल राजकुमार बालियान टीम के साथ जागृति विहार पहुंचे और अवैध डेयरियों के खिलाफ छापेमारी की।

कार्रवाई न होने से नाराज लोग

वहीं दूसरी ओर श्रद्धापुरी की संत विहार कॉलोनी में डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई न होने से नाराज महिलाओं ने नगर निगम में अपर नगरायुक्त का घेराव किया। अपर नगरायुक्त अमित कुमार सिंह ने उन्हें आश्वासन दिया कि जल्द ही डेयरी को हटा दिया जाएगा।

Posted By: Inextlive