प्रतिबंधित पशु का वध कर कब्रिस्तान में फेंका शव, हंगामा

अतरसुईया थाने में दर्ज कराया गया मुकदमा

ALLAHABAD: योगी सरकार का सख्त आदेश है कि प्रतिबंधित पशुओं की हत्या न की जाए। इसके बाद भी अपने शहर में एक महीने के अंदर दूसरी बार प्रतिबंधित पशु का शव सार्वजनिक स्थान पर मिलने का मामला सामने आया है। शनिवार को अटाला एरिया में प्रतिबंधित पशु का शव मिला। इस पर हिंदूवादी संगठनों ने शनिवार को हंगामा करते हुए विरोध दर्ज कराया। शहर की फिजा खराब न हो, इसका ध्यान में रखते हुए पूरे स्थिति को संभाल लिया। मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

खूंटे से रात में खोल ले गए

शुक्रवार की रात अतरसुइया निवासी सतीश चंद्र पाल का पशु घर के बाहर बंधा था। शनिवार की सुबह पशु खूंटे से गायब था। आस-पास देखा गया, लेकिन पशु न मिलने पर खोजबीन शुरू हुई। लोग खोजबीन में जुटे थे, तभी पता चला कि खुल्दाबाद थाना क्षेत्र में स्थित अटाला एरिया में प्रतिबंधित पशु का शव पड़ा हुआ है। थोड़ी देर में भीड़ जमा हो गई। प्रतिबंधित पशु का शव मिलने की जानकारी होते ही खुल्दाबाद, करेली और अतरसुइया थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। वह संजय पाल के गायब पशु का ही शव था।

रेत दिया गया था गला

जांच में पता चला कि किसी धारदार हथियार से गला रेतकर पशु का वध किया गया है। लाश के पास ही खून फैला था। जानकारी होते ही कई संगठनों के लोग अटाला चौकी पहुंच कर विरोध करने लगे। पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पशुपालक की तहरीर पर खुल्दाबाद पुलिस ने गोवध अधिनियम व धार्मिक भावना भड़काने के मामले मुकदमा दर्ज किया। वहीं अतरसुइया पुलिस ने पशु चोरी की रिपोर्ट दर्ज की।

पशु को गायब करने के मामले में कुछ युवकों का नाम सामने आया है। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।

-डीपी शुक्ला

सीओ प्रथम

Posted By: Inextlive