मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर का बुधवार सुबह भोपाल में निधन हो गया। गौर अगस्त 2004 से नवंबर 2005 तक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं।

भोपाल (एएनआई)। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर का बुधवार सुबह भोपाल में निधन हो गया है। 89 वर्षीय गौर को 7 अगस्त को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, तब उनका ब्लडप्रेशर लो हो गया था। बाद में हालत बिगड़ने के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। गौर अगस्त 2004 से नवंबर 2005 तक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं। बता दें कि बाबूलाल गौर का जन्म उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में 2 जून, 1930 को हुआ था और इन्होंने मध्य प्रदेश में बीजेपी की एक महत्वपूर्ण छवि बनाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने भोपाल टेक्सटाइल्स मिल में काम किया और कई आंदोलनों के बाद 'मजदूर' नेता के रूप में उभरे और बाद में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। गौर ने 2018 में बुढ़ापे की वजह से चुनावी राजनीति से संन्यास ले लिया था। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

Madhya Pradesh government declares three-day mourning in the state following the demise of former Chief Minister and BJP leader, Babulal Gaur, today. His last rites will be performed with state honours. (file pic) pic.twitter.com/1VNCOMjRO5

— ANI (@ANI) August 21, 2019


पोते आकाश ने किया अंतिम संस्कार

गौर का पूरे राजकीय सम्मान के साथ सुभाष नगर श्मशान में अंतिम संस्कार किया गया है। अंतिम संस्कार उनके पोते आकाश ने किया। मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने राज्य में तीन दिन का राजकीय शोक दिवस घोषित किया है। सरकार ने बुधवार को सभी सरकारी कार्यालयों में आधे दिन का अवकाश भी घोषित किया है. मुख्यमंत्री कमलनाथ और कई राज्य मंत्रियों ने सुबह गौर के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कई नेताओं का हुआ निधन

गौरतलब है कि हाल ही में कई बड़े नेताओं का निधन हुआ है। पूर्व कांग्रेस विधायक अखिलेश सिंह का मंगलवार सुबह संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एसजीपीजीआईएमएस) में निधन हो गया। वहीं, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा का लंबी बीमारी के बाद सोमवार सुबह नई दिल्ली में निधन हो गया था। पूर्व विदेश मंत्री और भारतीय जनता पार्टी की कद्दावर नेता सुषमा स्वराज का 6 अगस्त को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 67 वर्ष की थीं। इसके अलावा कांग्रेस नेता और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का भी 81 साल की उम्र में 20 जुलाई को निधन हो गया।

 

Posted By: Mukul Kumar