भारत के पड़ोसी देश चीन के पूर्वी हिस्से में आए सोडलर नाम के भंयकर तूफान से करीब 14 लोगों की मौत होने की खबर मिली है। तूफान का असर ताइवान पर भी पड़ा है।

100 सालों की सबसे भारी बारिश
पूर्वी चीन में आये भारी बारिश लेकर आए भीषण तूफान सोडलर से 14 लोगों की मौत हो गई है। पता चला है कि इस हादसे में चार अन्य लोग लापता हैं। बताया जा रहा है कि बीते 100 सालों में हुई इस सबसे भारी बारिश से चीन के कई हिस्से प्रभावित हुए हैं।
भूस्खलन से भी हुई मौतें
चीनी सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ से प्राप्त जानकारी के अनुसार झेजियांग प्रांत के वेनझोउ शहर में और उसके आस पास 12 लोगों की मौत हो गयी। इस शहर में कल रात बारिश के चलते भूस्खलन हुआ और कई घर गिर गए जिस वजह से ये मौतें हुईं। शिन्हुआ ने ये जानकारी वहां के आपदा नियंत्रण विभाग से जुड़े अधिकारियों के हवाले से उपलब्ध करायी है। ये भी पता चला है कि मृत और लापता लोग या तो बाढ़ में बह गए या तहस नहस हुए घरों के मलबे में दब गए हैं।
भारी आर्थिक नुकसान
पता चला है कि पूर्वी चीन में रविवार दोपहर के बाद से इस तूफान के कारण करीब 15.8 लाख लोग प्रभावित हुए हैं और करीब चार अरब युआन यानि 64.4 करोड़ डॉलर का सीधा आर्थिक नुकसान हुआ है। 

ताइवान पर असर
इस तूफान का असर ताइवान पर भी हुआ है और यहां पर भी करीब छह लोगों की जान जाने और भूस्खलन के चलते नुकसान होने की सूचना मिली है। इस इलाके की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुयी है।

Hindi News from World News Desk

Posted By: Molly Seth