Holi 2020: होली के अवसर पर आज देश में आज कहीं बारिश तो कहीं माैसम खुशनुमा रहेगा। आइए जानें यहां जानें उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पंजाब हरियाणा दिल्ली उत्तर प्रदेश से लेकर मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ बिहार और झारखंड तक के माैसम का हाल...

कानपुर। Holi 2020 देश भर में होली का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस अवसर पर आज माैसम भी मेहरबान है। कुछ जगहों को छोड़ दें तो बाकी जगहों पर माैसम काफी खुशनुमा रहेगा। भारतीय माैसम विज्ञान विभाग के मुताबिक आज छत्तीसगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बिजली चमकेगी व ओले भी गिर सकते हैं। इसके अलावा यहां हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल सकती है। इस दाैरान पश्चिम उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, झारखंड और ओडिशा में भी हवाएं काफी तेज चलेंगी। हवाओं की वजह से रात के समय तापमान गिरावट हो सकती है। पश्चिम राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में भी कुछ जगहों पर बिजली चमकने व बादल छाए रहने के आसार है। इसके अलावा पूर्वोत्तर अरब सागर पर तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दाैरान मछुआरों को सलाह दी जाती हैं कि वे समुद्र में प्रवेश करने से बचें।

न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना

वहीं वेदर एजेंसी स्काईमेट के अनुसार आज हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। दिल्ली, हरियाणा समेत उत्तर-पश्चिम भारत के भागों में न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। वहीं पूर्वोत्तर असम में भी हल्की वर्षा हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश, विदर्भ और तेलंगाना में कुछ स्थानों पर गर्जना के साथ बारिश होने की संभावना है। दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बारिश झोंके की तरह आ सकती है। दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, आंतरिक तमिलनाडु और केरल में एक-दो स्थानों पर वर्षा होने के आसार हैं।

Posted By: Shweta Mishra