- गश्त के दौरान हंडिया इंस्पेक्टर को मिला शव, ग्रामीणों से कराई शिनाख्त

HANDIA(JNN): हंडिया थाना क्षेत्र के उपरदहा गांव स्थित नेशनल हाईवे पर रविवार की देर रात एकयुवक की क्षत विक्षत शव पुलिस को मिला। युवक की बेरहमी से हत्या की गई थी। गश्त पर निकले हंडिया इस्पेक्टर आर के सिंह ने शव को कब्जे में लेकर सोमवार की सुबह ग्रामीणों से शिनाख्त कराई। ग्रामीणों ने युवक की शिनाख्त हंडिया थाना क्षेत्र के डूबकी कला गांव निवासी मनीष कुमार के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

रामलीला देखने निकला था

डुबकी कला के सुरेन्द्र कुमार सिंह की कई वर्ष पहले मौत हो चुकी है। उनके तीन पुत्र थे। सबसे बड़ा बेटा मनीष कुमार सिंह (25) कस्बा में प्राइवेट हॉस्पिटल में लैब में काम करता था। रविवार की शाम वह घर से रामलीला में पहुंच कर कुछ लोगो से हंडिया जाने की बात कह कर निकला था। रात लगभग 12 बजे किसी ने उसकी हत्या करके शव को हाइवे पर फेंक दिया। इधर गश्त पर निकली हंडिया पुलिस ने क्षेत्र के उपरदहा गांव स्थित नेशनल हाईवे पर उसका शव देखा तो कब्जे में ले लिया। पुलिस शव को थाने पर ले आई। इसकी जानकारी ग्रामीणों को हुई तो वे भारी संख्या में थाने पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने शव की पहचान की तो घर वालों को सूचना दी गई।

ग्रामीणों ने जताया आक्रोश

परिजनों के साथ थाने पहुंचे दर्जनों ग्रामीण कार्रवाई की मांग करते हुए आक्रोश जताने लगे। कुछ ही देर बाद क्षेत्रीय विधायक प्रशान्त कुमार सिंह राहुल ने थाने पर पहुंच कर इंस्पेक्टर हंडिया से कहा कि दोषी कोई भी हो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

चुनावी रंजिश

मृतक के बड़े पापा नागेन्द्र कुमार सिंह सिंह ने पुलिस को शिकायती पत्र देते तीन लोगों पर आरोप लगाया। कहा कि जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशी सुल्तान सिंह का प्रचार करने से मनीष को मना किया जा रहा था। क्षेत्र के मुगरांव गांव निवासी शशांक सिंह पुत्र दशरथ शिव गोविन्द पुत्र व चन्द्र शेखर सिंह निवासी डूबकी कला ने धमकी दी थी। साथ ही श्याम बहादुर सिंह का प्रचार करने की बात कही थी। ऐसा न करने पर देख लेने की धमकी दी थी। आशंका जताई कि इन्हीं लोगों ने उसके भतीते की हत्या की है। पुलिस ने मनीष के बड़े पिता की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ हत्या कर शव छिपाने का मुकदमा दर्ज किया है।

Posted By: Inextlive