-चमकाए गए दो एके 47 रायफल का पता लगाने में जुटी रांची, पलामू व जमशेदपुर पुलिस

-पुलिस तकनीकी सेल की मदद से पहुंचेगी अपराधियों तक

रांची : जमशेदपुर के घाघीडीह जेल में बंद गैंगस्टर सुजीत सिन्हा गिरोह द्वारा जारी वीडियो की ऑरिजिन का पता लगाने में पुलिस जुट गई है। इसके लिए रांची, पलामू और जमशेदपुर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। तकनीकी सेल को लगाकर यह पता लगाने में जुट गई है कि वीडियो कहां से जारी की गई है। सबसे पहले किस आइपी एड्रेस से इसे भेजा गया है। पुलिस के लिए वीडियो से ज्यादा महत्वपूर्ण एके 47 जैसे घातक हथियार की बरामदगी है। जिसे वीडियो में एक नकाबपोश ने अपने कंधे में रखकर चमकाया है, जबकि दूसरी एके 47 हथियार को टेबल पर रखा दिखाया गया है। टेबल पर पिस्टल और एके 47 रायफल की मैगजीन भी रखी हुई है। पुलिस तकनीकी सेल से इस वीडियो के वायरल किए जाने वाले और वीडियो की फुटेज तैयार कराने वाले का पता लगा रही है। पुलिस संबंधित आवाज का भी पता लगा रही है। पुलिस के पास मौजूद ऑडियो से उस आवाज को मिलाकर अपराधियों तक पहुंचेगी।

वीडियो में कहा है औकात दिखा देंगे

रंगदारी नहीं देने पर रांची में व्यवसायी और भाजपा नेता की हत्या की साजिश रचने में गैंगस्टर सुजीत सिन्हा गिरोह से जुड़े अपराधियों के जेल जाने के बाद एक वीडियो वायरल हुआ है। जिसमें सुजीत सिन्हा गिरोह से जुड़े दो नकाबपोश अपराधियों ने वीडियो जारी करते हुए राज्य पुलिस और व्यवसायियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि हम उन्हें औकात दिखा देंगे। वीडियो में सुजीत सिन्हा के पक्ष में नकाबपोश ने कहा है की पुलिस सुजीत सिन्हा के परिवार के लोगों को गिरोह का सदस्य बताकर जेल भेज रही है। नकाबपोश ने चेतावनी देते हुए कहा है कि सुजीत के पास शूटरों और हथियारों की कोई कमी नहीं है। ऐसे में क्या वह अपनी पत्‍‌नी और साला से क्राइम नहीं करा सकते।

क्या है वीडियो में :

वीडियो में दिखाया गया है कि अपराधियों ने दो एके 47 रायफल अपने साथ रखा है। एक राइफल टेबल पर रखा है, जबकि दूसरा राइफल एक नकाबपोश अपराधी अपने कंधे पर रखकर बयान दे रहा है। नकाबपोश अपराधी ने खुद को सुजीत सिन्हा गैंग का सदस्य बताते हुए कहा है कि हमारे बॉस सुजीत जमशेदपुर जेल में बंद हैं। सुजीत सिन्हा के नाम पर पुलिस के मुखबिर रंगदारी मांगते हैं और फर्जी मुकदमा दर्ज कराते हैं। जबकि उनके बॉस और उनकी पत्‍‌नी जेल में बंद है। चेहरा ढके हुए शख्स यह भी बोलता है कि बॉस के साले को भी झूठे केस में फंसा कर जेल भेज दिया गया है। गौरतलब है कि 2 दिन पहले ही रांची में एक भाजपा नेता और बिल्डर की हत्या की साजिश रचने के आरोप में सुजीत सिन्हा के साले को जेल भेजा गया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद वीडियो के जारी होने के बाद ऐसा प्रतीत होता है कि एक-दो दिनों के भीतर ही यह वीडियो बनाकर वायरल किया गया है।

Posted By: Inextlive