आगरा। शनिवार को आयरलैंड के प्रधानमंत्री लिओ एरिक वराडकर ने ताजमहल का दीदार किया। उन्होंने ताजमहल में एक घंटे से अधिक समय बिताया। स्मारक की पच्चीकारी व वास्तुकला को देखकर उन्होंने इसकी तारीफ की और कहा कि ताज को बनाने वालों की कारीगीरी जबरदस्त है।

शनिवार को वे ताजमहल को देखने दिल्ली से आगरा गतिमान एक्सप्रेस से पहुंचे। संगमरमरी इमारत को देखकर वे ताज की खूबसूरती में खो गए। ताजमहल को विजिट करते टाइम उन्होंने ताज के इतिहास और पच्चीकारी और वास्तुकला में काफी रुचि दिखाई। इस दौरान उन्होंने ताज के साये में फोटोज भी क्लिक कराए। आइरिश प्राइम मिनिस्टर लियो वराडकर अपनी पारिवारिक यात्रा के लिए भारत आए थे। वे 29 दिसंबर को अपने परिवार के साथ महाराष्ट्र के तटीय जिले सिंधुदुर्ग स्थित अपने पैतृक गांव आए थे। प्राइम मिनिस्टर बनने के बाद ये उनका मलवन तहसील के वराड गांव का पहला दौरा था। वराड मुंबई से लगभग 500 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है। लियो के पिता अशोक वराडकर, वराड गांव से थे और पेशे से डॉक्टर थे। वह 1960 के दशक में ब्रिटेन चले गए थे।

Posted By: Inextlive